*बुरहानपुर में 15 दिवसीय भारत जोड़ो चैंपियन ट्रॉफी’ क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत, 54 टीमें दिखाएंगी दम*

बुरहानपुर :- जिले में सोमवार से 15 दिवसीय ‘भारत जोड़ो चैंपियन ट्रॉफी’ क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज हो गया है। इस टूर्नामेंट में जिले भर की कुल 54 टीमें हिस्सा ले रही हैं और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष अजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य बुरहानपुर के युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना और जिले में छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर में एक से बढ़कर एक हुनरमंद खिलाड़ी मौजूद हैं, लेकिन सही मंच के अभाव में कई प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पाती हैं। इस आयोजन के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों की प्रतिभा को न केवल शहर और जिले के लोग देखेंगे, बल्कि उन्हें दूसरे जिलों में भी एक नई पहचान मिलेगी।
आयोजकों के अनुसार यह क्रिकेट प्रतियोगिता आगामी 15 दिनों तक लगातार चलेगी। मुकाबले रोज़ाना शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। अजय सिंह रघुवंशी ने सभी शहरवासियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर होनहार बच्चों का उत्साहवर्धन करें, उनका हौसला बढ़ाएं और उनके हुनर को देखें।



