बुरहानपुर पुलिस

*मछली व्यापारी बनकर पुलिस ने बिछाया जाल: ढाई साल से फरार 5 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार*

बुरहानपुर :- शिकारपुरा थाना पुलिस ने योजनाबद्ध रणनीति के तहत कार्रवाई करते हुए लगभग दो वर्ष छह माह से फरार चल रहे 5 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने मछली व्यापारी का भेष धारण कर मछली पालन तालाब पर निगरानी रखी और मौका मिलते ही उसे दबोच लिया।

एसपी आशुतोष बागरी के निर्देशन तथा ए एसपी प्रदीप शेण्डे और सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी का नाम गुलाब पिता लालचंद बोरसे (53) है, जो साईनगर, थाना एमआईडीसी, जिला जलगांव (महाराष्ट्र) का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, यह मामला थाना शिकारपुरा के अपराध क्रमांक 319/2024 से जुड़ा है। घटना 30 जून 2024 की सुबह करीब 7 बजे की है, जब फरियादी गणेश पिता नाना काकड़े अपने साथी रविंद्र गायकवाड़ के साथ स्विफ्ट कार से पान मसाला और अन्य सामान लेकर इटावा जा रहे थे। हतनूर पुलिया के पास बोलेरो सवार कुछ महिला और पुरुषों ने उनकी कार रोक ली। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर डराया-धमकाया, मारपीट की और कार से पान मसाला, अन्य सामग्री व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे।

मामले में पहले कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी व माल बरामदगी हो चुकी थी, लेकिन गुलाब बोरसे तभी से फरार था, जिस पर ₹5,000 का इनाम घोषित था। मुखबिर और तकनीकी सूचना के आधार पर उसके एक मछली पालन तालाब पर काम करने की जानकारी मिली, जिसके बाद मछली व्यापारी बनकर पहुंची पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में निरीक्षक संदीप चौरसिया, उप निरीक्षक दिलीप सिंह, उप निरीक्षक राहुल कांबले, प्रधान आरक्षक गणेश पाटिल और आरक्षक विनोद परिहार की सराहनीय भूमिका रही

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button