बुरहानपुर

*कलेक्टर ने किया औद्योगिक क्षेत्रों का निरीक्षण, बिजली-पानी और उत्पादन व्यवस्थाओं का लिया जायजा*

बुरहानपुर :- कलेक्टर विवेक कुमार ने मंगलवार को जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों का भ्रमण कर वहां चल रही औद्योगिक गतिविधियों और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उद्योग विभाग के अधिकारियों से औद्योगिक क्षेत्रों की अधोसंरचना और उद्योग संचालन से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।

मोहम्मदपुरा औद्योगिक क्लस्टर के दौरे में कलेक्टर कुमार ने प्लॉट आवंटन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने क्लस्टर में विद्युत आपूर्ति सहित अन्य जरूरी सुविधाओं का हाल जाना और प्रशासनिक भवन का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को परखा।


इसके बाद कलेक्टर उद्योग नगर स्थित एक फैक्ट्री पहुंचे, जहां उन्होंने सूती कपड़ा निर्माण की प्रक्रिया को बारीकी से देखा। उन्होंने कपड़े की गुणवत्ता को हाथ से छूकर जांचा और फैक्ट्री की उत्पादन क्षमता, निर्माण में लगने वाले समय, मशीनों के उपयोग तथा तैयार माल के निर्यात से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने कच्चे माल से लेकर अंतिम उत्पाद तैयार होने तक की पूरी कार्यप्रणाली को समझा।

निरीक्षण के इसी क्रम में कलेक्टर कुमार ग्राम निंबोला स्थित फिडर टेक्सटाइल पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निंबोला औद्योगिक क्लस्टर की मूलभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा जीएमडीआईसी के अधिकारियों को निर्बाध विद्युत व्यवस्था के लिए एमपीईबी से समन्वय करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल स्रोतों का निरीक्षण कर औद्योगिक क्षेत्रों में पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। अंत में उन्होंने सातपायरी औद्योगिक क्लस्टर का भी अवलोकन किया। इस दौरान जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक आत्माराम सोनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button