बुरहानपुर

*अड़गांव में 1.37 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, दापोरा में 2.25 करोड़ से बनेगा विद्युत उपकेंद्र*

बुरहानपुर :- विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस ने ग्राम अड़गांव में 1 करोड़ 37 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना, विधायक निधि तथा 15वें एवं 5वें वित्त आयोग के माध्यम से स्वीकृत इन कार्यों में सीसी रोड, मुरमीकृत मार्ग, सामुदायिक भवन, माध्यमिक शाला भवन और विद्युत व्यवस्था से जुड़े कार्य शामिल हैं।

इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। ग्रामीणों की मांग पर छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण, विद्युत पोल लगाने, दापोरा से अड़गांव सड़क निर्माण, मुख्य चौराहे पर सीसी रोड तथा हनुमान मंदिर सौंदर्यीकरण सहित कई कार्यों की घोषणा की गई।

प्रमुख स्वीकृत व लोकार्पित कार्यों में श्मशान घाट से पुलिया तक 10 लाख रुपए की सीसी रोड, बजरंगबली मंदिर के पास 25 लाख रुपए का सामुदायिक भवन, माध्यमिक शाला भवन के लिए 53 लाख रुपए, वित्त आयोग मद से छह सीसी रोड (कुल 30 लाख रुपए) तथा विधायक निधि से मार्ग व विद्युत कार्य शामिल हैं। क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुधारने के लिए 2 करोड़ 25 लाख रुपए की लागत से विद्युत उपकेंद्र बनाया जाएगा। अड़गांव में पर्याप्त भूमि उपलब्ध न होने के कारण इसका निर्माण समीपस्थ ग्राम दापोरा में किया जा रहा है।

चिटनिस ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 207 में से 44 आवास पूर्ण हो चुके हैं और 163 सर्वे में हैं। साथ ही उन्होंने गांव में घर-घर कचरा संग्रहण के लिए जल्द वाहन उपलब्ध कराने और आवश्यकता पड़ने पर विधायक निधि देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button