*विधायक अर्चना चिटनिस ने ईच्छापुर-इंदौर हाईवे का किया निरीक्षण, ग्रामीणों और किसानों की सुविधा के लिए अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश*

बुरहानपुर :- पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस ने ग्राम ईच्छापुर, दापोरा और शाहपुर क्षेत्र का सघन दौरा कर निर्माणाधीन ईच्छापुर-इंदौर फोरलेन हाईवे सहित कई प्रमुख विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों व किसानों के आवागमन, खेतों तक पहुंच और क्षेत्र में ड्रेनेज जैसी बुनियादी समस्याओं को समझा और मौके पर मौजूद प्रशासनिक व हाईवे अधिकारियों को जनहित में आवश्यक कार्य शीघ्र पूरे करने के निर्देश दिए।
चिटनिस ने कहा कि हाईवे निर्माण क्षेत्र की प्रगति के लिए मील का पत्थर है, लेकिन इस प्रक्रिया में स्थानीय ग्रामीणों और किसानों का संपर्क मार्ग व आवागमन बाधित नहीं होना चाहिए। विकास ऐसा होना चाहिए जो नागरिकों के दैनिक जीवन को आसान बनाए।
*ग्राम ईच्छापुर अंडरपास व चौराहे का निर्माण* विधायक ने नान्या की सेरी रोड और अंतुर्ली (महाराष्ट्र) जाने वाले खेत मार्गों का जायजा लिया। किसानों को हाईवे पार कर खेतों तक जाने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए उन्होंने अंडरपास बनाने की जरूरत पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त, शनि मंदिर के पास तथा महाराष्ट्र मार्ग से प्रसिद्ध मां ईच्छादेवी मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर एक व्यवस्थित चौराहा (चौराहा निर्माण) बनाने हेतु अधिकारियों के साथ योजना साझा की।
*ग्राम दापोरा जल निकासी व ग्रेवल सड़क* गांव में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से निजात दिलाने के लिए मुख्य नाले तक व्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही गांव के मुख्य प्रवेश द्वार पर पक्की सड़क और किसानों के खेतों तक पहुंच को सुगम बनाने के लिए ग्रेवल रोड (कच्ची-मुरुम सड़क) के निर्माण की आवश्यकता जताई।
*शाहपुर बायपास सीसी नाला व पक्की सड़क आनंद सागर के समीप धामनगांव बायपास पर जल निकासी और सड़क की स्थिति का जायजा लिया गया। वर्षा जल के सही बहाव के लिए सीमेंटीकृत (सीसी) नाला निर्माण और बायपास पर बेहतर आवागमन के लिए पक्की सड़क निर्माण के संबंध में चर्चा की गई।
गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
विधायक अर्चना चिटनिस ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क, ड्रेनेज और संपर्क मार्ग सीधे नागरिकों की आजीविका से जुड़े हैं, इसलिए स्थानीय प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर ही ढांचागत विकास किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जलगांव प्रोजेक्ट डायरेक्टर भाऊसाहेब सालुंके, नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI) के कंसल्टेंट किशोर व्यास, शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेंद्र तिवारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल, विनोद चौधरी, लक्ष्मण पवार, गणेश महाजन, दापोरा से राजेश पाटिल, अशोक पाटिल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




