*बुरहानपुर यूनिक पब्लिक स्कूल की आलिशा का एमबीबीएस में चयन स्कूल प्रबंधन ने किया सम्मानित*

बुरहानपुर :- बुनकर एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित शहर के प्रतिष्ठित यूनिक पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल की होनहार छात्रा आलिशा ने अपनी मेहनत और लगन से नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त कर नया इतिहास रचा है। आलिशा का चयन अमलतास यूनिवर्सिटी के एमबीबीएस कॉलेज में हुआ है। इस उपलब्धि के बाद न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे विद्यालय और शहर में खुशी की लहर दौड़ गई है।
*माता-पिता के साथ स्कूल में हुआ भव्य स्वागत*
छात्रा आलिशा पिता साबिर हुसैन की इस शानदार सफलता पर यूनिक पब्लिक स्कूल परिसर में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान विद्यालय परिवार द्वारा आलिशा और उनके माता-पिता को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। इस दौरान वहां मौजूद सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से छात्रा का उत्साहवर्धन किया।
*सफलता से विद्यालय का नाम हुआ रोशन*
कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों और स्कूल प्रबंधन ने आलिशा के कड़े परिश्रम और पढ़ाई के प्रति उनकी निष्ठा की जमकर सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद आलिशा ने जिस एकाग्रता और लगन से अपनी पढ़ाई पूरी की, उसी का परिणाम है कि आज उनका चयन इतने प्रतिष्ठित मेडिकल पाठ्यक्रम में हुआ है। उनकी यह सफलता स्कूल की अन्य छात्राओं और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
*प्रबंधन और शिक्षकों ने दी शुभकामनाएं*
इस अवसर पर स्कूल के अध्यक्ष सैयद फरीद उद्दीन,आरिफा शिरिन एवं प्रिंसिपल जाविद अब्दुल कादर ने आलिशा को मिठाई खिलाकर बधाई दी। उन्होंने आलिशा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि आलिशा भविष्य में एक कुशल और संवेदनशील डॉक्टर बनकर समाज तथा देश की निस्वार्थ सेवा करेंगी। विद्यालय के समस्त शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों ने भी छात्रा और उनके परिवार को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।



