*बुरहानपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ संगोष्ठी आयोजित संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा और राष्ट्रहित का आह्वान*

बुरहानपुर:- बुरहानपुर के स्थानीय परमानंद गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ समिति के तत्वावधान में प्रबुद्ध नागरिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना था। संगोष्ठी का शुभारंभ सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन से हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नगायच उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस ने की। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने ने स्वागत उद्बोधन दिया।
*संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान हर नागरिक का दायित्व: संजय नगायच*
मुख्य वक्ता संजय नगायच ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जिसकी पहचान इसकी मजबूत लोकतांत्रिक परंपराओं से है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के तहत असहमति का अधिकार सभी को है, लेकिन बिना तथ्यों के निर्वाचन आयोग और न्यायपालिका जैसी संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों और प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक विरोध हो सकता है, परंतु जनता के जनादेश का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक और दल का कर्तव्य है।
*मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती का आधार: अर्चना चिटनिस*
अध्यक्षीय उद्बोधन में अर्चना चिटनिस ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में मृत, स्थानांतरित और फर्जी मतदाताओं के नाम हटना निष्पक्ष चुनाव के लिए बेहद जरूरी है। इस प्रक्रिया को लेकर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और बयानों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि देश की लोकतांत्रिक प्रतिष्ठा को कमजोर करने वाले प्रयासों के प्रति नागरिकों को सजग रहना होगा।
*राष्ट्रहित और राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि*
चिटनिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वतंत्र विदेश नीति की सराहना करते हुए कहा कि भारत हमेशा राष्ट्रहित और विश्व शांति के पक्ष में खड़ा रहा है। उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा तथा देश की अखंडता जैसे विषयों पर राजनीति से ऊपर उठकर सोचना चाहिए।
कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानी अरुण शेंडे, महापौर माधुरी अतुल पटेल, जिला महामंत्री चिंतामन महाजन, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दुर्गेश शर्मा ने किया तथा समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।



