*बुरहानपुर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन 2026: मैरिज हॉल, गार्डन संचालकों और कैटरर्स को दिए गए कड़े निर्देश*

बुरहानपुर :- नगर पालिक निगम बुरहानपुर द्वारा शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से नगर निगम के एमआईसी हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। निगम आयुक्त श्री संदीप श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शहर के सभी मैरिज हॉल, मैरिज गार्डन संचालकों और कैटरर्स ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान संचालकों को ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026’ और ‘प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट नियम, 2022’ के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। आयुक्त श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि प्रतिदिन 100 किलोग्राम या उससे अधिक कचरा उत्पन्न करने वाले होटल, मैरिज गार्डन और बड़े व्यावसायिक संस्थान ‘बल्क वेस्ट जनरेटर’ की श्रेणी में आते हैं। ऐसे संस्थानों को अपने परिसर के कचरे का निपटान स्वयं इन-हाउस कंपोस्टिंग या बायोगैस प्लांट के जरिए अथवा किसी अधिकृत थर्ड-पार्टी एजेंसी के माध्यम से कराना अनिवार्य होगा।
स्वास्थ्य विभाग के चेयरमैन धनराज महाजन ने जानकारी दी कि आयोजनों के दौरान गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण मौके पर ही करना होगा। बचे हुए भोजन और सब्जियों के छिलकों जैसे गीले कचरे को खाद या बायोगैस के लिए अलग रखा जाए, जबकि प्लास्टिक की बोतलें और गत्ते जैसे सूखे कचरे को रीसाइक्लिंग के लिए भेजा जाए। इसके अलावा, थर्मोकोल और सिंगल-यूज प्लास्टिक के बर्तनों के उपयोग पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। आयोजनों में रीयूजेबल या बायोडिग्रेडेबल बर्तनों जैसे पत्तल-दोने के इस्तेमाल को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है। कैटरिंग से निकलने वाले तरल और ठोस कचरे को नालियों या खुले में बहाना प्रतिबंधित है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने, कचरा खुले में डंप करने या प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों की अनदेखी करने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो औचक निरीक्षण करेंगी। नियमों की अवहेलना पर मैरिज हॉल का लाइसेंस निरस्त करने और परिसर को सील करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी गणेश पाटिल, उप स्वच्छता निरीक्षक राकेश कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में मैरिज गार्डन संचालक, कैटरर्स और एसबीएम (SBM) टीम उपस्थित रही। नगर निगम ने सभी शहरवासियों और संचालकों से ‘स्वच्छ बुरहानपुर’ के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है।



