बुरहानपुर

-बुरहानपुर में  25 फीट की शिवमुद्रा हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा और भगवान नरसिंह की जीवंत झांकी के साथ निकलेगी ऐतिहासिक चुनरी यात्रा*

बुरहानपुर :- 15 अक्टूबर को बुरहानपुर की पावन धरा एक अत्यंत भव्य और ऐतिहासिक धार्मिक अनुष्ठान की साक्षी बनने जा रही है। युवा नेता गजेंद्र दिनकर पाटील के नेतृत्व में निकलने वाली माँ इच्छादेवी की यह 12वीं चुनरी यात्रा इस बार केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, शौर्य और आधुनिक भव्यता का अनूठा संगम होगी। 23 किलोमीटर लंबी यह पैदल यात्रा बुरहानपुर के फव्वारा चौक से शुरू होकर इच्छापुर स्थित माँ इच्छादेवी मंदिर तक लगभग 10 घंटों में पूरी होगी। इस महाआयोजन को लेकर बुरहानपुर से इच्छापुर तक आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ने की उम्मीद है।

यात्रा का सबसे मुख्य आकर्षण बुरहानपुर के इतिहास में पहली बार देखने को मिलेगा, जब हेलीकॉप्टर के माध्यम से यात्रा मार्ग और मंदिर पर आसमान से पुष्पवर्षा की जाएगी। इसके अलावा, इस बार की यात्रा में शामिल विराट झांकियां सभी का मन मोह लेंगी। सड़कों पर महादेव और नंदी महाराज का 25 फीट ऊंचा विराट स्वरूप, आधुनिक तकनीक से तैयार 8 फीट के उड़ते हुए हनुमान जी, तथा 8 फीट के भगवान नरसिंह का चलता-दौड़ता हुआ जीवंत स्वरूप श्रद्धालुओं में भारी रोमांच और श्रद्धा का संचार करेगा। पारंपरिक राजसी वैभव के साथ तुलजा भवानी की शाही सवारी भी इस यात्रा का प्रमुख आकर्षण होगी।

यात्रा को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रूप से और अधिक समृद्ध बनाने के लिए महाराष्ट्र की प्रसिद्ध पंढरपुर की वारकरी मंडली, 51 ध्वजों वाला विघ्नहर्ता पुनरी ढोल पथक और अमलनेर का विख्यात श्रीकृष्ण बैंड अपनी ऊर्जावान धार्मिक धुनों से माहौल को पूरी तरह शिवमय और भक्तिमय बना देंगे।

इस ऐतिहासिक आयोजन का एक और गौरवशाली पहलू परम पूज्य दादागुरु का बुरहानपुर की धरती पर प्रथम आगमन है। 17 अक्टूबर 2020 से निरंतर 2100 दिनों की महाव्रत साधना कर रहे और केवल नर्मदा जल पर जीवित रहने वाले दादागुरु ने इस कठिन साधना के दौरान माँ नर्मदा की 3,200 किलोमीटर की पैदल परिक्रमा तीन बार पूरी की है। उनके पावन सानिध्य में 2100 किलोमीटर दूर से लाया गया माँ गंगा का पवित्र जल माँ इच्छादेवी के चरणों में अर्पित कर विश्व कल्याण की कामना की जाएगी।

यह ऐतिहासिक चुनरी यात्रा 15 अक्टूबर को सुबह ठीक 7 बजे नवदुर्गा माता मंदिर, फव्वारा चौक से शंखनाद के साथ प्रारंभ होगी। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से सपरिवार इस गौरवशाली यात्रा में शामिल होकर पुण्य लाभ कमाने का अनुरोध किया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button