*बुरहानपुर में रेल विकास के साथ जनसुविधाओं का भी रखा जाए ध्यान सांसद विधायक ने भुसावल डीआरएम पुनीत अग्रवाल से की मुलाकात*

बुरहानपुर :- बुरहानपुर की विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस ने भुसावल प्रवास के दौरान मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) पुनीत अग्रवाल से मुलाकात कर बुरहानपुर क्षेत्र की रेल सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय नागरिकों की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने तीसरी व चौथी रेल लाइन के निर्माण से लेकर शिवाजी नगर के आवागमन, रेलवे स्टेशन की लंबित सुविधाओं और ट्रेनों के ठहराव जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया।
*शिवाजी नगर के लिए तत्काल बने वैकल्पिक मार्ग*
चिटनिस ने डीआरएम के समक्ष विषय रखते हुए कहा कि शिवाजी नगर क्षेत्र में लगभग 30 से 40 हजार नागरिक निवास करते हैं। सुगम मार्ग के अभाव में लोगों को बाजार और अस्पताल तक पहुँचने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आग्रह किया कि तीसरी एवं चौथी रेल लाइन के निर्माण की प्रतीक्षा किए बिना ऑटो रिक्शा और एम्बुलेंस की सहज आवाजाही के लिए तत्काल वैकल्पिक कनेक्टिविटी विकसित की जाए।
*विभागीय समन्वय से बने कार्ययोजना*
इटारसी-भुसावल मार्ग पर प्रस्तावित तीसरी-चौथी रेल लाइन के विस्तार को लेकर उन्होंने भूमि अधिग्रहण की जानकारी जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे, जनप्रतिनिधियों जिला प्रशासन और नगर निगम के बीच समन्वय से कार्ययोजना बनाई जाए ताकि सीवरेज, सड़क व अन्य विकास कार्य प्रभावित न हों और नागरिकों को परेशानी न उठानी पड़े।
*एस्केलेटर व पार्किंग कार्य शीघ्र शुरू करने की मांग*
वर्ष 2016 के 104 आदर्श रेलवे स्टेशनों में शामिल बुरहानपुर स्टेशन पर स्वीकृत एस्केलेटर और चारपहिया वाहन पार्किंग का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने का आग्रह किया गया। चिटनिस ने स्टेशन परिसर में स्वच्छ शौचालय, सुगम रास्ते और ऑटो स्टैंड के पास यातायात में बाधक बन रहे डिवाइडर को हटाने की मांग भी रखी।
*मेमू ट्रेन सेवा और ठहराव बढ़ाने की पहल*
व्यापारियों, किसानों और यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेनों का ठहराव कम से कम 5 मिनट करने, ओंकारेश्वर से नासिक तथा सनावद से खंडवा के बीच नई मेमू (MEMU) ट्रेन सेवा शुरू करने का भी आग्रह किया गया।
निरीक्षण के दौरान चिटनिस ने स्थानीय रहवासियों की समस्याएं भी सुनीं। इस अवसर पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, नेपानगर विधायक मंजू राजेन्द्र दादू, महापौर माधुरी अतुल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।




