*बुरहानपुर की महापौर माधुरी अतुल ने मध्यप्रदेश अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2026′ में की सहभागिता*

बुरहानपुर :- इन्दौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘मध्यप्रदेश अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2026’ में बुरहानपुर की महापौर माधुरी अतुल ने प्रदेशभर के अन्य शहरों के महापौरों के साथ सक्रिय सहभागिता की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की गरिमामयी उपस्थिति में हुए इस महत्वपूर्ण आयोजन में आधुनिक शहरी अधोसंरचना, सुशासन और शहरों के भविष्य के विकास पर गहन मंथन किया गया।
इस कॉन्क्लेव में नीति आयोग के सदस्य एवं भारत सरकार के पूर्व कैबिनेट सचिव राजीव गौबा, नीति आयोग के सीईओ अनुराग जैन, मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल सहित देश-प्रदेश के तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, विषय विशेषज्ञ और विभिन्न नगरीय निकायों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कई विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण करने के साथ ही महत्वपूर्ण नीतियों, एमओयू और विकासोन्मुख पहलों का शुभारंभ किया।
महापौर माधुरी अतुल ने बताया कि इस मंच के माध्यम से उन्हें प्रदेश के अन्य प्रतिष्ठित शहरों के महापौरों के साथ नगरीय विकास के अनुभवों, नवाचारों और बेहतर कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करने का बहुमूल्य अवसर मिला। कॉन्क्लेव में डिजिटल गवर्नेंस, जल सुरक्षा, पर्यावरण अनुकूल शहरी व्यवस्थाओं, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और नगरीय प्रशासन में सुधार जैसे दूरदर्शी विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर इंदौर महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय, उज्जैन महापौर मुकेश टटवाल, खंडवा महापौर अमृता अमर यादव, देवास महापौर गीता अग्रवाल, कटनी महापौर प्रीति सूरी और रतलाम महापौर प्रह्लाद पटेल सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बुरहानपुर की महापौर की इस सहभागिता से बुरहानपुर के सुनियोजित विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में नए विचारों और नवाचारों को बल मिलेगा। ऐसे आयोजनों से प्राप्त अनुभव भविष्य में बुरहानपुर के चहुंमुखी विकास के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे।




