*बुरहानपुर के सराफा बाजार में ग्राहक बनकर आईं महिलाएं उड़ा ले गईं सोने के गहने CCTV फुटेज आया सामने*
बुरहानपुर :- बुरहानपुर के मुख्य सराफा बाजार फव्वारा चौक में त्योहारी सीजन के बीच एक सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है। ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंची कुछ महिलाओं ने सफाई से सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। दुकान संचालक को चोरी की भनक तब लगी जब उन्होंने गहनों का मिलान किया।
घटना बुरहानपुर के फव्वारा चौक स्थित सराफा बाजार की है, जहां अनिल अग्रवाल की आभूषण की दुकान पर 26 अक्टूबर की शाम कुछ महिलाएं ग्राहक के रूप में दाखिल हुईं। शातिर अंदाज में महिलाओं ने दुकान संचालक का ध्यान भटकाकर काउंटर से सोने के गहने चुरा लिए। उस वक्त दुकान पर भीड़भाड़ होने के कारण चोरी का तुरंत पता नहीं चल सका।
शाम को जब दुकान संचालक अनिल अग्रवाल ने स्टॉक और गहनों का मिलान किया, तो कुछ सोने के आभूषण गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तुरंत दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में महिलाएं स्पष्ट रूप से गहने चुराती हुई कैद नजर आईं।
फुटेज के आधार पर दुकान संचालक ने तुरंत कोतवाली थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी महिलाओं की पहचान करने तथा उनकी तलाश में जुट गई है।
*पुलिस की अपील और सुरक्षा व्यवस्था*
दीपावली के इस त्योहारी सीजन में बाजारों में भारी भीड़ उमड़ रही है, जिसका फायदा ऐसे चोर गिरोह उठाने की कोशिश कर रहे हैं। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर बाजार में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और पुलिस टीमें तैनात हैं। साथ ही, पुलिस ने सभी सराफा कारोबारियों से विशेष सावधानी बरतने, संदिग्धों पर कड़ी नजर रखने और अपने सीसीटीवी कैमरे हमेशा चालू व दुरुस्त रखने की अपील की है।



