बुरहानपुर

*जनसुनवाई में पहुँची रास्ते और अतिक्रमण की शिकायत का तहसीलदार ने किया संतोषजनक निराकरण*

बुरहानपुर :- प्रशासनिक अमले की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर आमजन की समस्या का मौके पर ही समाधान हुआ है। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त एक आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तहसीलदार बुरहानपुर, प्रवीण ओहरिया ने स्वयं मौके पर पहुंचकर रास्ता विवाद और अतिक्रमण से जुड़ी शिकायत का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बहादपुर के एक आवेदक ने जनसुनवाई के माध्यम से रास्ते के विवाद और अतिक्रमण को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार ने बिना किसी विलंब के जनसुनवाई के उपरांत ही तुरंत प्रशासनिक टीम के साथ संबंधित स्थल का निरीक्षण किया।

मौके पर पहुंचकर उन्होंने दोनों पक्षों की बात सुनी और आवेदक की उपस्थिति में पैमाइश व स्थिति का जायजा लिया। इसके पश्चात, आपसी समझाइश और नियमानुसार वैधानिक प्रक्रिया अपनाते हुए रास्ते के विवाद को सुलझाया गया तथा अतिक्रमण की समस्या का उचित समाधान किया गया। तहसीलदार की इस तत्परता और मौके पर पहुंचकर न्यायसंगत कार्रवाई करने की पहल से आवेदक ने पूर्ण संतुष्टि व्यक्त की है।

विदित है कि राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजना ‘जनसुनवाई’ आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण का एक सशक्त माध्यम बन चुकी है। बुरहानपुर में तहसीलदार प्रवीण ओहरिया द्वारा दिखाई गई इस सक्रियता से यह साबित होता है कि अधिकारी जनता की समस्याओं के प्रति कितने गंभीर और सजग हैं। इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने भी राहत की साँस ली है और स्थानीय प्रशासन की इस कार्यशैली की सराहना की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button