*बुरहानपुर शिकारपुरा पुलिस ने गोवंश अधिनियम व पशु क्रूरता के दो फरार चल रहे स्थायी वारंटी को किया गिरफ्तार*

बुरहानपुर:- बुरहानपुर जिले में फरार और स्थायी वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शिकारपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
एसपी आशुतोष बागरी, ए एसपी प्रदीप शेण्डे और सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी शिकारपुरा को क्षेत्र के लंबित वारंटियों की तामीली के सख्त निर्देश दिए गए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माननीय न्यायालय जेएमएफसी बुरहानपुर राजु पन्द्रे से गोवंश प्रतिषेध अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण क्रमांक 967/24 में आरोपी शरीफ पिता करीम तडवी पठान उम्र 45 वर्ष, निवासी नेवरी, थाना नेपानगर और प्रकरण क्रमांक 313/26 में वारंटी महेन्द्र पिता नारायण धाडे उम्र 36 वर्ष, निवासी गव्हाना के स्थायी वारंट जारी किए गए थे। दोनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए काफी समय से लगातार फरार चल रहे थे।
वारंटियों की पतारसी और उनकी धरपकड़ के लिए थाना स्तर पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में शामिल सहायक उप निरीक्षक महेन्द्र पाटीदार, प्रधान आरक्षक दीपेंद्र सिंह तंवर और आरक्षक गणेश तंवर ने अथक प्रयासों के बाद दोनों वारंटियों को धर दबोचा। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों में महेन्द्र धाडे और शरीफ तड़वी को गिरफ्तार कर बुधवार माननीय न्यायालय बुरहानपुर के समक्ष पेश कर दिया है।
इस पूरी कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप चौरसिया, सउनि महेन्द्र पाटीदार, प्रआर. दीपेंद्र तंवर और आरक्षक गणेश तंवर की सराहनीय और महत्वपूर्ण भूमिका रही।



