बुरहानपुर

*बुरहानपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई अस्वच्छता मिलने पर मिठाई प्रतिष्ठान सील, 10 किलो मिठाई नष्ट*

बुरहानपुर :- जिले में आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। कलेक्टर विवेक कुमार के निर्देशानुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों और अस्वच्छ माहौल में खाद्य सामग्री तैयार करने वालों के विरुद्ध औचक निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में, विभाग की टीम ने बुरहानपुर के दाउदपुर स्थित एक प्रतिष्ठान पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया है।

*अस्वच्छ परिस्थितियों में हो रहा था निर्माण*
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश डावर ने जानकारी दी कि निरीक्षण के दौरान बुरहानपुर मावा जलेबी एवं नमकीन प्रतिष्ठान के निर्माण परिसर में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। वहां बेहद अस्वच्छ और गंदे माहौल में मिठाइयों का निर्माण किया जा रहा था। इसके अलावा, प्रतिष्ठान के पास मिठाई निर्माण के लिए कोई वैध अनुमति भी नहीं थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य बंद करवाया और पूरे परिसर को सील कर दिया। मौके पर मौजूद करीब 10 किलोग्राम दूषित और अस्वच्छ मिठाई को नष्ट कराया गया तथा संबंधित फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

*तेल और ड्राई फ्रूट्स के नमूने जांच के लिए भेजे*
अभियान के तहत विभाग ने अन्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया। तिरुपति ट्रेडिंग का औचक निरीक्षण कर ‘मनप्रीत सोयाबीन तेल’ और अन्य तेल के नमूने (सैंपल) लिए गए, जिन्हें गुणवत्ता की जांच के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। इस फर्म को भी नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही, सिटी मॉल के पास स्थित ‘झक्कास ड्राई फ्रुट्स’ से भी खाद्य सामग्री का नमूना लेकर जांच के दायरे में लिया गया है।

*जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कड़ी कार्रवाई*
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि लिए गए सभी नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में मिलावट या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध प्रकरण तैयार कर अपर कलेक्टर (एडीएम) न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे, जहाँ से दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि मिलावटखोरी और स्वच्छता नियमों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और जिले में यह सघन निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button