बुरहानपुर

*बुरहानपुर में AIMIM में बगावत पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान का पुतला फूंका, पैसे लेकर पद बांटने का गंभीर आरोप*

बुरहानपुर :- असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) मध्य प्रदेश में बड़े आंतरिक संकट से जूझ रही है बुरहानपुर जिले में पार्टी के भीतर असंतोष इस कदर बढ़ गया है कि कार्यकर्ताओं ने खुलकर बगावत कर दी है। हाल ही में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान का पुतला फूंका और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

*पैसे लेकर पद बेचने के गंभीर आरोप*
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान पार्टी के भीतर पदों को बेचने का काम कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी के पुराने, वरिष्ठ और जमीनी स्तर के गरीब कार्यकर्ताओं की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे संगठन कमजोर हो रहा है। इस मनमानी से नाराज होकर पहले भी कई पदाधिकारी कांग्रेस पार्टी का दामन थाम चुके हैं, और अब भी लगातार इस्तीफे का सिलसिला जारी है।

*ऑडियो वायरल होने से छवि धूमिल*
AIMIM के पूर्व जिलाध्यक्ष जहीर उद्दीन ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मोहसिन अली खान को बिना किसी जमीनी संघर्ष के सीधे प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंप दी गई थी, जबकि वे पहले पार्टी के प्राथमिक सदस्य तक नहीं थे। जहीर उद्दीन के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष के कई कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं, जिससे पार्टी की राष्ट्रीय छवि को भारी नुकसान पहुंच रहा है।

*ओवैसी तक बात पहुंचाने के लिए फूंक पुतला*
कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि इस उग्र प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य पार्टी सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी तक यह संदेश पहुंचाना है कि मध्य प्रदेश में संगठन को गलत दिशा में ले जाया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि पार्टी हाईकमान इस मामले का संज्ञान ले और प्रदेश नेतृत्व में तत्काल बदलाव करे, ताकि बुरहानपुर सहित पूरे प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं का विश्वास फिर से बहाल हो सके। पुतला दहन के इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button