*तड़वी भील समाज की अहम बैठक में जिला कार्यकारिणी गठित शिक्षा और रोजगार पर हुआ मंथन*

बुरहानपुर :- तड़वी भील समाज संगठन मध्य प्रदेश के तत्वावधान में जिले के महलगुलारा स्थित पांच पीर शाह बाबा दरगाह परिसर के समीप समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस दौरान समाज के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सरकारी योजनाओं में भागीदारी जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन में जिले भर से आए वरिष्ठजनों, युवाओं और समाज प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
*जिला कार्यकारिणी का सर्वसहमति से गठन*
बैठक के प्रमुख एजेंडे के तहत तड़वी भील समाज की जिला एवं तहसील स्तरीय कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया गया। समाज के वरिष्ठों और उपस्थित सदस्यों की सर्वसहमति से बुरहानपुर जिला अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सलीम पिरखा तड़वी को सौंपी गई। इसके साथ ही विभिन्न तहसीलों में संगठन को मजबूती देने के लिए तहसील अध्यक्षों की घोषणा की गई, जिनमें शाहपुर तहसील अध्यक्ष अमजत साहेबु तड़वी धूलकोट तहसील अध्यक्ष अकलिम तड़वी नेपानगर तहसील अध्यक्ष सलीम इस्माइल तड़वी नवनियुक्त पदाधिकारियों का समाजजन द्वारा स्वागत किया गया और उनसे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की अपेक्षा व्यक्त की गई।
*शिक्षा, रोजगार और जनगणना पर मंथन*
बैठक के दौरान भारत सरकार की दूसरे चरण की गणना (जनगणना) को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई और इसमें समाज की सटीक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त, तड़वी भील समाज में शिक्षा के स्तर को सुधारने, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तलाशने और स्वास्थ्य सुविधाओं की वर्तमान स्थिति में सुधार लाने हेतु ठोस रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि जब तक समाज का युवा शिक्षित और आत्मनिर्भर नहीं होगा, तब तक समग्र विकास की कल्पना अधूरी है।
*वरिष्ठों और युवाओं की गरिमामयी उपस्थिति*
इस महत्वपूर्ण आयोजन में तड़वी भील समाज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रमजान तड़वी, प्रदेश उपाध्यक्ष अहमद तड़वी, असलम गवलकर, प्रदेश सचिव असलम तड़वी, मीडिया प्रभारी फिरोज तड़वी, शाहरुख तड़वी, कोषाध्यक्ष डॉ. अब्बास तड़वी, तथा सलाहकार रहमत तड़वी व सिकंदर तड़वी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
युवा वर्ग की ओर से रफीक तड़वी, सत्तार तड़वी, मोहसिन तड़वी, अल्ताफ तड़वी, फिरोज तड़वी, सलमान तड़वी, पीरखां तड़वी और मजीद तड़वी सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी उपस्थित सदस्यों ने एक स्वर में समाज की प्रगति के लिए निरंतर एकजुट होकर योगदान देने की बात कही।



