बुरहानपुर

*बुरहानपुर नवलसिंह सहकारी शक्कर कारखाना राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित वित्तीय प्रबंधन में मिला तृतीय पुरस्कार*

बुरहानपुर :- जिले के नवलसिंह सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, नवलनगर ने एक बार फिर राष्ट्रीय फलक पर बुरहानपुर का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ, नई दिल्ली द्वारा वर्ष 2024-25 के लिए कारखाने को वित्तीय प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु ‘फायनेंशियल मैनेजमेंट अवार्ड श्रेणी में तृतीय पुरस्कार से नवाजा गया है।

यह प्रतिष्ठित सम्मान 22 सितंबर, 2026 को आयोजित एक भव्य राष्ट्रीय समारोह में प्रदान किया गया। नई दिल्ली के इस गरिमामयी आयोजन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और फेडरेशन के अध्यक्ष हर्षवर्धन पाटील मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कारखाना प्रबंधन की ओर से सहायक आयुक्त सहकारिता एवं महाप्रबंधक अजयपाल सिंह बिलोदिया ने यह पुरस्कार ग्रहण किया इस अवसर पर कारखाने के मुख्य रसायनज्ञ संजीव सूरी, गन्ना विभाग प्रमुख नाना साहेब मेहेर, लेखापाल नारायण चौधरी, सहायक अभियंता मुकेश कुमार गर्ग और कंप्यूटर प्रभारी श्री चन्द्रकिशोर चौधरी विशेष रूप से मौजूद रहे।

राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त इस ट्रॉफी और प्रमाण पत्र के साथ कारखाना प्रबंधन ने गुरुवार को बुरहानपुर कलेक्टर एवं प्रशासक हर्ष सिंह से भेंट की कलेक्टर ने इस उल्लेखनीय सफलता पर पूरी टीम को हार्दिक बधाई दी और प्रसन्नता व्यक्त की।

नवलसिंह सहकारी शक्कर कारखाना सहकारिता के क्षेत्र में अपनी कार्यकुशलता और पारदर्शिता के लिए जाना जाता है। यह कारखाना पूर्व में भी विभिन्न श्रेणियों में 19 बार सम्मानित हो चुका है। राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह नया पुरस्कार कारखाने की गौरवशाली उपलब्धियों की श्रृंखला में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ है।

कारखाना प्रबंधन क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति देने के साथ-साथ गन्ना उत्पादक किसानों के हितों की रक्षा और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। किसानों की मेहनत और कुशल प्रबंधन के सामंजस्य का ही परिणाम है कि यह संस्थान आज देश भर में अपनी एक अलग पहचान बना चुका है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button