*बुरहानपुर में जल्द होगा निमाड़ इन्वेस्टर कॉन्क्लेव उद्योगपतियों से सीधा संवाद करेंगे मुख्यमंत्री*

बुरहानपुर :- जिले में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने, उद्योगों के विस्तार और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जल्द ही निमाड़ इन्वेस्टर कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होकर उद्योगपतियों से सीधा संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री लगभग 3 से 4 घंटे बुरहानपुर में रहकर उद्यमियों की समस्याएं, आवश्यकताएं और निवेश से जुड़ी संभावनाएं सुनेंगे तथा मौके पर समाधान के लिए पहल करेंगे।
यह जानकारी विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर विवेक कुमार एवं स्थानीय उद्योगपतियों के साथ हुई बैठक के बाद दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के बुरहानपुर प्रवास के दौरान कॉन्क्लेव आयोजित करने का आग्रह किया गया था, जिस पर उन्होंने शीघ्र आयोजन की सहमति दी है। यह मंच स्थानीय उद्यमियों की समस्याओं को सीधे शासन के समक्ष रखने और नए निवेशकों को जिले की क्षमता से जोड़ने का माध्यम बनेगा।
बैठक में अर्चना चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर में औद्योगिक विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। मोहम्मदपुरा औद्योगिक क्षेत्र का विकास, फेयरडील का कार्य तथा रेहटा-खड़कोद और सुखपुरी में जारी गतिविधियां जिले को आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने मोहम्मदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में भू-खंड प्राप्त कर चुके उद्यमियों से जल्द इकाइयां स्थापित करने का आह्वान किया, ताकि उत्पादन और रोजगार शुरू हो सके।
*मोहम्मदपुरा पावरलूम क्लस्टर पर जोर*
मोहम्मदपुरा पावरलूम क्लस्टर को सक्रिय करने पर विशेष चर्चा हुई। 7.61 हेक्टेयर में विकसित इस क्लस्टर के 64 भू-खंडों में से 58 आवंटित किए जा चुके हैं। उद्यमियों ने सुरक्षा, बाउंड्रीवाल, श्रमिक दर, साइजिंग सुविधा, बिजली सब्सिडी और एकीकृत व्यवस्था से जुड़े सुझाव व समस्याएं रखीं। उद्यमियों को 8 दिसंबर तक अपनी कार्ययोजना और उद्योग शुरू करने की संभावित समय-सीमा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र को देने को कहा गया है।
*रोजगार और लॉजिस्टिक्स की संभावनाएं*
अर्चना चिटनिस ने बताया कि जिले में 5 से 7 हजार युवाओं को रोजगार देने की क्षमता है, जिससे हजारों परिवार लाभान्वित होंगे। बेहतर सड़क संपर्क के कारण बुरहानपुर में लॉजिस्टिक्स हब बनने की संभावनाएं हैं, जिस पर एनएचएआई कार्य कर रहा है। छोटे विमानतल की संभावनाओं पर भी प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में औद्योगिक निवेश व रोजगार की भूमिका अहम है और प्रदेश सरकार इसके लिए अनुकूल माहौल बना रही है।




