*अंतरराष्ट्रीय मंच पर गूंजी बुरहानपुर की आवाज महापौर माधुरी पटेल ने रखा समावेशी शहरी विकास और महिला नेतृत्व का विजन*

बुरहानपुर :- मुंबई में आयोजित चौथे महिला नेतृत्व शिखर सम्मेलन के प्रशिक्षण सत्र में बुरहानपुर महापौर माधुरी अतुल पटेल ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शहर का प्रतिनिधित्व किया। यूसीएलजी एशिया-प्रशांत और कनाडाई नगरपालिकाओं के महासंघ (FCM) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में महापौर ने महिला नेतृत्व, जेंडर आधारित बजट और समावेशी शहरी विकास पर प्रभावी विचार रखे।
सत्र को संबोधित करते हुए महापौर पटेल ने कहा कि किसी भी शहर का वास्तविक विकास तभी सार्थक है, जब उसकी योजनाओं और बजट में समाज के अंतिम व्यक्ति की जरूरतों को स्थान मिले। उन्होंने महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए सुरक्षित परिवहन, स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुरक्षित सार्वजनिक स्थलों को नगरीय विकास की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
जेंडर आधारित बजट पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य महज राशि आवंटित करना नहीं, बल्कि महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। महिलाएं केवल योजनाओं की लाभार्थी न रहें, बल्कि नीति निर्माण और निर्णय लेने में भी उनकी बराबर की भागीदारी हो। इस दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार की ‘लाडली लक्ष्मी’ और ‘लाडली बहना’ योजनाओं की सफलता का उल्लेख करते हुए बताया कि कैसे अन्य राज्य भी इन्हें रोल मॉडल के रूप में अपना रहे हैं।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मध्यप्रदेश की नगरीय विकास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी और मुंबई की महापौर रितु तावड़े सहित फिलीपींस, जापान, दक्षिण कोरिया, ईरान तथा देश के प्रमुख शहरों सूरत, बिलासपुर, त्रिशूर के महापौर एवं अंतरराष्ट्रीय नीति निर्माता मौजूद रहे। अंत में महापौर ने इस वैश्विक पहल के लिए आयोजक संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।




