*धनतेरस और दीपावली पर बुरहानपुर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू प्रमुख बाजार ‘नो व्हीकल जोन*

बुरहानपुर :- आगामी धनतेरस और दीपावली पर्व पर शहर के बाजारों में सुगम यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। एसपी आशुतोष बागरी के निर्देशन और एएसपी प्रदीप शेण्डे तथा सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह के मार्गदर्शन में 6, 7 और 8 नवंबर 2026 तक विशेष यातायात प्लान लागू रहेगा। इस दौरान शहर के प्रमुख और व्यस्त बाजार पूर्णतः ‘नो व्हीकल जोन’ घोषित किए गए हैं।
*प्रमुख बाजार रहेंगे नो व्हीकल जोन*
पर्व के दौरान गांधी चौक, फूल चौक, सुभाष चौक और अंडा बाजार क्षेत्र में किसी भी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इन इलाकों में नागरिक केवल पैदल आवागमन कर खरीदारी कर सकेंगे।
*पार्किंग की विशेष व्यवस्था*
यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए पुलिस ने पार्किंग स्थल तय किए हैं केवल सिटी मॉल के निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़े किए जा सकेंगे। संकरी गलियों और मुख्य मार्गों पर 4-व्हीलर खड़े करने की अनुमति नहीं होगी।
2-व्हीलर वाहनों के लिए कमल चौराहा पार्किंग स्थल और अंडा बाजार में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सड़क किनारे या दुकानों के सामने अव्यवस्थित वाहन खड़े करने पर कार्रवाई की जाएगी।
*भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित और बैरिकेडिंग*
तीनों दिन शहर में रात 11 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस द्वारा कमल चौक, प्रियंका गली, सुभाष चौक, मटका बाजार, कंट्रोल रूम के सामने और फूल चौक पर बैरिकेडिंग की जाएगी।
व्यापारियों से अपील की गई है कि वे दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण न करें और फुटपाथ खाली रखें। वहीं, ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को केवल निर्धारित स्थानों पर वाहन रोकने और बाजारों के प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करने के निर्देश दिए गए हैं। आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड के लिए रास्ता हर समय खुला रहेगा।
बुरहानपुर पुलिस ने सभी नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे सुरक्षा और सुविधा के दृष्टिकोण से यातायात नियमों का पालन करें। शहर में प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि त्योहार की खुशियों के बीच नागरिक सुरक्षित और सुगमता से खरीदारी कर सकें।




