*बुरहानपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई 5 प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य सामग्री के नमूने*

बुरहानपुर :- जिला प्रशासन खाद्य सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सख्त हो गया है। कलेक्टर विवेक कुमार के विशेष निर्देशों के पालन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा लगातार औचक निरीक्षण और सख्त कार्रवाई का दौर जारी है। इसी कड़ी में शहर की विभिन्न खाद्य एवं किराना दुकानों पर छापामार कार्रवाई करते हुए खाद्य पदार्थों के संदेहास्पद नमूनें जब्त किए गए हैं। इस कार्रवाई से शहर के मिलावटखोरों और खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
*इन दुकानों से लिए गए नमूने*
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम ने शहर के प्रमुख बाजारों में स्थित प्रतिष्ठानों की जांच की और मानक स्तर की पुष्टि के लिए निम्नलिखित पांच दुकानों से खाद्य सामग्रियों के नमूने सैंपल्स लिए अफगान ड्राई फ्रूट इस दुकान से किशमिश और मगज के नमूने लिए गए सदाशिव किराना गोटिया पीर यहां से मैदा, रवा (सूजी) और खाद्य तेल का सैंपल लिया गया फेमस मिल्क डेयरी पाला बाजार डेयरी उत्पादों की शुद्धता की जांच के लिए दूध का नमूना एकत्र किया गया इकबाल मिठाई वाला मंडी बाजार मिठाईयों की गुणवत्ता जांचने हेतु बर्फी और मावा पेड़ा का सैंपल लिया गया फराज किराना यहां से काजू का नमूना जांच के लिए जब्त किया गया।
*भोपाल भेजी जाएगी जांच रिपोर्ट, एडीएम कोर्ट में चलेगा केस*
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि इन सभी प्रतिष्ठानों से उठाए गए नमूनों को मुहरबंद कर विधिवत परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट में यदि किसी भी प्रकार की मिलावट, अमानक स्तर या अन्य अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ तुरंत कानूनी प्रकरण तैयार किए जाएंगे। इन मामलों को आगे की न्यायिक कार्रवाई के लिए अपर कलेक्टर (एडीएम) कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां दोषियों पर नियमानुसार सख्त अर्थदंड और कार्रवाई की जाएगी।
*आगे भी जारी रहेगा निरीक्षण अभियान*
जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए यह सतत और व्यापक अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, जिससे शहरवासियों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।



