*कलेक्टर-एसपी ने रायतलाई शासकीय आदिवासी सीनियर बालक छात्रावास में परखीं व्यवस्थाएं छात्रावास में स्मार्ट पढ़ाई व वाई-फाई के निर्देश*

बुरहानपुर :- जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर विवेक कुमार और एसपी आशुतोष बागरी ने शुक्रवार को पीपलपानी-धारबेलथड़ शिविर में शामिल होने के बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों और संस्थाओं का निरीक्षण किया। भ्रमण की शुरुआत देड़तलाई स्थित पुलिस सहायता केंद्र के अवलोकन से हुई, जिसके बाद अधिकारियों ने बुरहानपुर-महाराष्ट्र सीमा पर स्थित देड़तलाई बॉर्डर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने रायतलाई स्थित शासकीय आदिवासी सीनियर बालक छात्रावास पहुंचकर कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या और उपलब्ध सुविधाओं पर चर्चा की। कलेक्टर विवेक कुमार ने कहा कि आधुनिक तकनीक से पढ़ाई को अधिक रोचक बनाया जा सकता है और छात्रों को स्मार्ट बोर्ड से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने पढ़ाई के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा पुस्तकालय में उपयोगी किताबें रखने के निर्देश दिए। एसपी आशुतोष बागरी ने तकनीक के प्रभावी उपयोग से पढ़ाई के तरीके साझा किए और छात्रावास में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान छात्रों ने पेयजल समस्या उठाई, जिस पर कलेक्टर ने शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावास भवन की पीआईयू से जांच कराकर मरम्मत व रख-रखाव सुनिश्चित करने तथा वॉलीबॉल, क्रिकेट व अन्य खेलों के लिए मैदान विकसित कर खेल सामग्री देने के आदेश दिए। अंत में अधिकारियों ने मोहम्मदपुरा औद्योगिक क्लस्टर का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम नेपानगर, जिला पंचायत एडिशनल सीईओ बलवंत नलवाई और जनपद सीईओ बघेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




