*बुरहानपुर नगर निगम आयुक्त ने ली विभागीय अधिकारियों की बैठक, सीएम हेल्पलाइन और आगामी पर्वों की तैयारियों के दिए निर्देश*

बुरहानपुर :- नगर पालिक निगम बुरहानपुर के आयुक्त संदीप श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज निगम कार्यालय में विभागीय अधिकारियों की पाक्षित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य रूप से सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों, आगामी नवरात्रि और दशहरा पर्व की तैयारियों तथा पेयजल व्यवस्था को लेकर गंभीर चर्चा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में आयुक्त श्रीवास्तव ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिकों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए और संतुष्टिपूर्वक बंद कराया जाए। विशेष तौर पर पेयजल और अन्य गंभीर जनसमस्याओं से जुड़ी शिकायतों पर तत्परता दिखाने को कहा गया है। शहर में पानी के संकट को दृष्टिगत रखते हुए पाइपलाइन फटने या जलापूर्ति बाधित होने की घटनाओं का तुरंत निरीक्षण कर जलापूर्ति को सुचारू रूप से बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।
आगामी नवरात्रि उत्सव और दशहरा पर्व को लेकर आयुक्त ने साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने मंदिर परिसरों और उनके आसपास के क्षेत्रों में रोजाना नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसरों में पीने के शुद्ध पानी और पर्याप्त बिजली-रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। पंडालों के आसपास कचरा प्रबंधन, सीवरेज व्यवस्था और मंदिर तक आने वाले रास्तों की समय पर मरम्मत करने की हिदायत भी दी गई।
आयुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन और जनता की शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में कार्यालय अधीक्षक संदीप तिवारी, राजस्व अधिकारी शशिकांत पवित्रे, निगम सहायक यंत्री अशोक पाटिल, गोपाल महाजन, नितिन वर्मा, सौरव वर्मा, विक्रम भरकुंवर और संपत्तिकर विभाग से योगेश्वर पाटिल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



