*बोहरा समाज ने की चुनरी यात्रा पर पुष्प वर्षा बुरहानपुर में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी मिसाल दिया आपसी भाईचारे का संदेश*

बुरहानपुर :- मध्य प्रदेश का ऐतिहासिक शहर बुरहानपुर एक बार फिर अपनी पौराणिक और सांस्कृतिक विरासत गंगा जमुनी तहजीब’ की मिसाल बना। नवरात्रि के पावन अवसर पर शहर में भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक सौहार्द का एक अद्भुत दृश्य देखने को मिला। मंगलवार को इंदिरा कॉलोनी से ठाकुर देवेश्वर सिंह और समिति अध्यक्ष नितिन चौकसे के नेतृत्व में एक विशाल चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया, जो जयकारों के बीच प्रसिद्ध आशा देवी मंदिर, असीरगढ़ के लिए रवाना हुई।
इस यात्रा की सबसे खूबसूरत और दिल छू लेने वाली तस्वीर तब सामने आई, जब चुनरी यात्रा गणपति थाना क्षेत्र पहुंची। यहाँ दाऊदी बोहरा समाज के प्रबुद्ध नागरिकों और युवाओं ने एकत्रित होकर माता के भक्तों पर उत्साहपूर्वक पुष्प वर्षा की और उनका आत्मीय स्वागत किया। धार्मिक सद्भाव के इस कदम ने न केवल श्रद्धालुओं का दिल जीत लिया, बल्कि पूरे शहर में आपसी प्रेम और भाईचारे की एक नई मिसाल कायम की।
*हर धर्म का सम्मान ही हमारी पहचान*
स्वागत कार्यक्रम के दौरान दाऊदी बोहरा समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने समाज के मूल विचारों और बुरहानपुर की साझा संस्कृति पर अपने विचार व्यक्त किए
तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला पीआरओ कोऑर्डिनेटर ने कहा बुरहानपुर हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब की भूमि रहा है। दाऊदी बोहरा समाज सभी धर्मों और आस्थाओं का दिल से सम्मान करता है। इसी पावन भावना के साथ हमने चुनरी यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत कर उनकी खुशियों में सहभागिता निभाई है।
*शेख जफर हुसैन खान बहादुर ने कहा हमारा समाज हर समुदाय और धर्म का आदर करने की समृद्ध परंपरा को मानता आया है। इसी परंपरा और सांस्कृतिक मूल्य को निभाते हुए आज माता के भक्तों का स्वागत किया गया।”
शेख मंसूर भाई सेवक ने कहा सभी धर्मों का आदर करना और एक-दूसरे के त्योहारों तथा खुशियों में शामिल होना ही हमारी असली पहचान है। इस पुष्प वर्षा के जरिए समाज ने समाज में शांति, प्रेम और भाईचारे का स्पष्ट संदेश दिया है।”
*सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ भव्य स्वागत*
इस दौरान दाऊदी बोहरा समाज के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इनमें मुल्ला तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला, शेख कयूम भाई सुरूरी, शेख जफर हुसैन खान बहादुर, शेख मंसूर भाई सेवक और अशफाक भाई ताहिर इलेक्ट्रिक वाला प्रमुख रूप से शामिल थे।
सभी ने चुनरी यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को जल-पान व पुष्प वर्षा से भावभीना स्वागत दिया। चुनरी यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने भी बोहरा समाज के इस कदम की सराहना की और इस आत्मीयता के लिए आभार व्यक्त किया। नवरात्रि के इस पावन पर्व पर बुरहानपुर से उठी यह सौहार्द की गूंज पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।




