*सेवा संकल्प अभियान के तहत 22 सितंबर को बुरहानपुर निगम कार्यालय परिसर में रक्तदान शिविर*

बुरहानपुर :- सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को आगे बढ़ाते हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को नगर निगम कार्यालय परिसर, बुरहानपुर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर प्रातः 10 बजे से दोपहर 4 बजे तक आयोजित होगा।
रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में समाज का प्रत्येक व्यक्ति महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। इसी उद्देश्य से आयोजित इस शिविर के माध्यम से नागरिकों और युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
नगर निगम की महापौर माधुरी अतुल पटेल ने शहरवासियों से शिविर में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे स्वयं रक्तदान करें तथा अपने-अपने वार्ड के नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और परिचितों को भी इस सेवा कार्य से जोड़ें, ताकि अधिक से अधिक लोग रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन में आशा की नई किरण बन सकें।
महापौर पटेल ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है किसी जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर रक्त उपलब्ध होना उसके लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। इसलिए प्रत्येक स्वस्थ एवं पात्र नागरिक को रक्तदान के प्रति जागरूक होकर इस पुनीत अभियान का हिस्सा बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई जिंदगियों की उम्मीद बन सकता हैं और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से इस अभियान को सार्थक बनाया जा सकता है। उन्होंने बुरहानपुरवासियों से अपील की कि वे निर्धारित समय पर नगर निगम कार्यालय परिसर पहुंचकर रक्तदान करें और समाजहित में अपना योगदान दें।
सेवा संकल्प अभियान का संदेश है कि सेवा समर्पण और संकल्प के साथ जरूरतमंदों के जीवन को बचाने में हर नागरिक अपनी भूमिका निभा सकता है। इसी भावना के साथ आयोजित इस रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता की अपेक्षा की गई है।



