*बुरहानपुर गणेशोत्सव- प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों के संबंध में बैठक संपन्न कलेक्टर एवं एसपी ने दिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश*

बुरहानपुर :- जिले में गणेशोत्सव के दौरान प्रतिमा विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर हर्ष सिंह और एसपी आशुतोष बागरी की संयुक्त अध्यक्षता में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की एक समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधाओं और विद्युत व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
*सुरक्षा और आपातकालीन सुविधाओं पर जोर*
कलेक्टर हर्ष सिंह ने स्पष्ट किया कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन केवल शासन द्वारा निर्धारित एवं चिन्हित स्थलों पर ही किया जाएगा। विसर्जन स्थलों पर किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए एसडीआरएफ (SDRF) की टीम, स्थानीय वॉलेंटियर्स और प्रशिक्षित तैराकों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। बड़ी प्रतिमाओं को सुरक्षित रूप से जलमग्न करने के लिए नगर निगम को पर्याप्त क्रेन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
किसी भी चिकित्सकीय आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग विसर्जन स्थलों और मुख्य मार्गों पर एम्बुलेंस तैनात रखेगा। कलेक्टर ने नगर निगम व संबंधित विभागों को बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश (लाइटिंग), पेयजल, सफाई व्यवस्था और माइक-स्पीकर के प्रबंधन को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की है कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से विसर्जन स्थलों पर छोटे बच्चों को न लाएं।
*मार्गों का निरीक्षण और यातायात प्रबंधन*
विसर्जन जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, इसके लिए कलेक्टर ने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (PWD), पीएमजीएसवाय और विद्युत विभाग को पुलिस व राजस्व टीम के साथ मिलकर विसर्जन मार्गों का पूर्व निरीक्षण करने को कहा है। जिन मार्गों पर खड्डे या तकनीकी बाधाएं हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त किया जाएगा।
बुरहानपुर एसपी आशुतोष बागरी ने निर्देश दिए कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान शहर में यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए एक स्पष्ट रूट चार्ट तैयार किया जाए। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गणेश पंडाल संचालकों और आयोजन समितियों के साथ बैठक कर उन्हें विसर्जन संबंधी दिशा-निर्देशों से अवगत कराएं।
*ग्रामीण क्षेत्रों में भी सतर्कता के निर्देश*
बैठक में यह भी सुनिश्चित किया गया कि शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों में भी विसर्जन की व्यवस्थाएं पुख्ता रहें। अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने की ताकीद की गई है ताकि संपूर्ण प्रक्रिया सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर सृजन वर्मा, ए एसपी प्रदीप शेण्डे सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।



