*सैफी गोल्डन जुबिली कॉलेज बुरहानपुर में सेवा संकल्प अभियान आयोजित उच्च शिक्षा आयुक्त प्रबल सिपाहा ने गतिविधियों की समीक्षा की*

बुरहानपुर :- बुरहानपुर सैफी गोल्डन जुबिली कादरिया महाविद्यालय में “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व, रचनात्मकता और पर्यावरण संरक्षण की भावना को जागृत करना था। कार्यक्रम के तहत “मेरे सपनों का भारत” विषय पर केंद्रित भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ भागीदारी की।
चित्रकला प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कल्पना और कैनवास के माध्यम से एक विकसित, स्वच्छ, शिक्षित, आत्मनिर्भर एवं पर्यावरण-अनुकूल भारत का सुंदर चित्र प्रस्तुत किया। वहीं, भाषण प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए युवा वक्ताओं ने देश के सर्वांगीण विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छता आंदोलन, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।
*उच्च शिक्षा आयुक्त का आगमन और मॉनिटरिंग*
अभियान के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों की मॉनिटरिंग और समीक्षा के लिए वर्ष 2009 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तथा उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त श्री प्रबल सिपाहा का बुरहानपुर आगमन हुआ। महाविद्यालय परिसर पहुँचने पर प्रबंधन समिति के वरिष्ठ सदस्य श्री मंसूर भाई सेवक, निदेशक डॉ. तालिब यूसुफ और प्राचार्य प्रोफेसर मोहम्मद इस्माईल बफाती ने आयुक्त महोदय का आत्मीय स्वागत किया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। आयुक्त महोदय ने महाविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों में सामाजिक एवं राष्ट्रीय चेतना विकसित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
*राष्ट्र निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका मुल्ला अली असगर टाकलीवाला*
आयोजन के अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव मुल्ला अली असगर टाकलीवाला ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि विद्यार्थियों को अपने स्वर्णिम भविष्य के निर्माण के लिए सतत सकारात्मक प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज का युवा ही कल के समृद्ध भारत का आधार है, इसलिए प्रत्येक छात्र को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय और सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की सराहना की गई। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक व अशैक्षणिक अमला तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




