*बुरहानपुर नेहरू स्टेडियम में जले 25 हजार दीये, ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ*

बुरहानपुर:- ‘सेवा संकल्प अभियान’ के शुभारंभ अवसर पर गुरुवार शाम बुरहानपुर का नेहरू स्टेडियम हजारों दीपों की अलौकिक रोशनी से जगमगा उठा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में “विकसित भारत 2047 बुरहानपुर” की थीम पर 25 हजार मिट्टी के आशीर्वाद दीप प्रज्ज्वलित किए गए। स्टेडियम में एक साथ जले इन दीपों ने न केवल पूरे परिसर को रोशन किया, बल्कि जिले में विकास, सेवा, संकल्प और जनभागीदारी का एक नया और जीवंत संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने पूरे उत्साह, स्नेह और आत्मीयता के साथ दीप जलाकर प्रधानमंत्री जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और देश व जिले की समृद्धि की कामना की।
*जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद*
इस गरिमामयी आयोजन में बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस, महापौर माधुरी पटेल, जिला अध्यक्ष मनोज माने सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं प्रशासनिक स्तर पर मध्य प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग सचिव एवं अभियान के जिला नोडल अधिकारी प्रबल सिपाहा, कलेक्टर हर्ष सिंह, जिला पंचायत सीईओ व एडीएम सृजन वर्मा सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। 25 हजार दीपों की यह रोशनी बुरहानपुर की एकजुटता और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प का प्रतीक बनी।
*जिले के प्रमुख ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों पर भी जले दीप*
नेहरू स्टेडियम के साथ-साथ जिले के तमाम आइकॉनिक और ऐतिहासिक स्थलों पर भी आशीर्वाद दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इनमें राजा जयसिंह की छतरी, राजघाट, स्वामी नारायण मंदिर, रोकड़िया हनुमान मंदिर, इच्छादेवी माता मंदिर, बड़ी संगत गुरुद्वारा, दरगाह-ए-हकीमी, मोहना संगम, असीरगढ़ का शिव मंदिर, मोती माता मंदिर लोखंडिया और राधावल्लभ मंदिर शामिल रहे। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों ने भी अपने-अपने घरों में दीप जलाकर खुशियां मनाईं।
ग्रामीण और नगरीय निकायों के प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर भी दीप प्रज्वलन के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे पूरा जिला उत्सव के माहौल में सराबोर नजर आया।





