बुरहानपुर

*51 शक्तिपीठों की पवित्र माटी-जल और 51 बैलगाड़ियों संग निकली भव्य धर्म ध्वज यात्रा विधायक अर्चना चिटनिस ने किया पूजन*

बुरहानपुर:- आस्था जनभागीदारी और सनातन संस्कृति के अद्भुत संगम का गवाह गुरुवार को पूरा बुरहानपुर जिला बना। ग्राम खामनी के ग्रामीणों ने सामूहिक सहभागिता की एक अनुपम मिसाल पेश करते हुए देश भर के 51 शक्तिपीठों से एकत्रित की गई पवित्र माटी, पूजित जल और धर्म ध्वज के साथ 51 बैलगाड़ियों की एक अलौकिक यात्रा निकाली। इस भव्य धर्म ध्वज यात्रा का शुभारंभ बुरहानपुर की विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर किया।

*ग्रामीणों का अनूठा संकल्प 51 समूहों ने तय की देश भर की दूरी*
आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए ग्राम खामनी के निवासियों ने 51 अलग-अलग समूहों का गठन किया था। प्रत्येक समूह ने देश के एक-एक प्रसिद्ध शक्तिपीठ की पावन यात्रा की और वहां से श्रद्धापूर्वक पवित्र माटी और पूजित जल संग्रहित किया। गुरुवार को जब ये सभी 51 समूह बुरहानपुर पहुंचे, तो एकत्रित माटी एवं जल का मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया गया।

विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा खामनी के ग्रामीणों ने अपनी अटूट आस्था को सामूहिक संकल्प में बदलकर पूरे देश में एक नई मिसाल कायम की है। 51 शक्तिपीठों की माटी और जल का एक स्थान पर समागम, खामनी में आकार ले रहे मां वैष्णोदेवी धाम को पूरे देश की शक्ति-परंपरा से जोड़ता है। बैलगाड़ियों के साथ निकली यह यात्रा हमारी भारतीय ग्रामीण परंपरा, लोक-संस्कृति और सामूहिक श्रद्धा का जीवंत उदाहरण है।”

*51 बैलगाड़ियों की यात्रा में उमड़ा जनसैलाब*
पूजन के उपरांत 51 सुसज्जित बैलगाड़ियों के साथ यह धर्म ध्वज यात्रा ‘जय माँ वैष्णोदेवी धाम खामनी’ के लिए रवाना हुई। यात्रा बुरहानपुर के सिंधीबस्ती, शनवारा, शिकारपुरा, शाहपुर नगर, कोदरी एवं बोरगांव फाटा से होते हुए गुजरी। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने ‘जय माता दी’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोषों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। ग्रामीणों की इस अनोखी पहल ने भारतीय लोक-परंपरा की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

ग्राम के प्रतिनिधि किशोर पाटिल ने कहा पूरे गांव ने एक साथ मिलकर यह संकल्प लिया था। आज सभी शक्तिपीठों की पवित्रता को एक साथ खामनी धाम की ओर ले जाना हमारे लिए अत्यधिक भावुक और गौरवमयी क्षण है। हमारा लक्ष्य शारदीय नवरात्रि में खामनी को एक भव्य और अलौकिक रूप देना है।”

*शारदीय नवरात्रि में बनेगा कटरा जैसा वैष्णोदेवी धाम*
इस वर्ष शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर 11 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 तक ग्राम खामनी में कटरा स्थित माँ वैष्णोदेवी धाम की एक भव्य और विशाल प्रतिकृति तैयार की जा रही है। लगभग 3 से 4 किलोमीटर के विस्तृत क्षेत्र में पर्वतीय वातावरण निर्मित किया जा रहा है। यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं को कटरा यात्रा की तर्ज पर बाण गंगा, चरण पादुका, गर्भ गुफा, अर्धकुवारी, माँ वैष्णोदेवी भवन और अंत में भैरव बाबा मंदिर के दर्शन का प्रामाणिक अनुभव प्राप्त होगा।

*पर्यावरण संरक्षण का संदेश 15 दिवसीय आयोजन रहेगा प्लास्टिक मुक्त*
इस 15 दिवसीय विशाल धार्मिक महोत्सव की सबसे खास बात यह है कि पूरे परिसर और यात्रा मार्ग को पूर्णत ‘प्लास्टिक मुक्त’ रखने का संकल्प लिया गया है। यह आयोजन आस्था और सनातन संस्कृति के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक बड़ा संदेश देगा।

इस गरिमामयी अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, योगेश मोतेकर, चेतन महाजन, राजेंद्र चौधरी, घनश्याम पाटिल, चिंतामन महाजन, ईश्वर चौहान, धनराज महाजन, आशीष शुक्ला, संभाजीराव सगरे, विजय शेवाड़े, रूद्रेश्वर एंडोले सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और आसपास के गांवों से आए हजारों ग्रामीण श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button