*बाजारों को जाम मुक्त बनाने बुरहानपुर पुलिस ने व्यापारियों को गार्ड रखने और फुटपाथ खाली रखने की समझाइश*

बुरहानपुर :- शहर के बाजार क्षेत्रों में लगने वाले जाम और यातायात बाधाओं को दूर करने के लिए बुरहानपुर पुलिस ने जोनवार बैठकों का सिलसिला शुरू किया है। इसी कड़ी में शनिवार को जोन क्रमांक-1 के अंतर्गत शनवारा से जय स्तंभ चौराहे तक के व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। एसपी आशुतोष बागरी के निर्देशन एवं ए एसपी प्रदीप शेण्डे के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में सीएसपी विनोद सिंह कुशवाहा, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक नीता देयरवाल और यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश बारवाल मौजूद रहे।
बैठक के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रतिष्ठानों के बाहर किए गए अतिक्रमण के वास्तविक दृश्य दिखाकर उससे होने वाली परेशानियों से व्यापारियों को अवगत कराया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क और फुटपाथ सार्वजनिक उपयोग के लिए हैं। इन पर सामान रखकर अतिक्रमण करने तथा सड़क पर बेतरतीब वाहन खड़े करने से राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। व्यापारियों को निर्धारित सीमा में ही सामान रखने, ग्राहकों की गाड़ियां व्यवस्थित रूप से पार्क कराने और आवागमन के लिए पर्याप्त जगह छोड़ने की समझाइश दी गई।
सीएसपी विनोद सिंह कुशवाहा ने व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बाजारों को अतिक्रमण और जाम मुक्त बनाने में व्यापारियों की भूमिका अहम है। उन्होंने दुकानदारों को अपनी दुकानों के बाहर यातायात व पार्किंग व्यवस्था संभालने के लिए गार्ड रखने के लिए प्रेरित किया, जिन्हें पुलिस द्वारा यातायात वार्डन का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। पुलिस ने बताया कि यह जोनवार संवाद आगे भी जारी रहेगा।




