*शहर में सुगम यातायात और सुरक्षा के लिए पुलिस व ऑटो यूनियन की बैठक पूर्ण दस्तावेज वाले ऑटो को मिले ओके पास*

बुरहानपुर :- शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से शनिवार को यातायात पुलिस और ऑटो यूनियन के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेण्डे के मार्गदर्शन में यातायात थाने में हुई इस बैठक में ऑटो यूनियन अध्यक्ष हर्षित ठाकुर सहित बड़ी संख्या में यूनियन पदाधिकारी और ऑटो चालक शामिल हुए। बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक विनोद सिंह कुशवाहा, डीएसपी अखिलेश मिश्रा, यातायात थाना प्रभारी राजेश बारवाल तथा आरटीओ राजेश गुप्ता ने चालकों को यातायात नियमों के पालन और व्यवस्था सुधार में सहयोग के आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक के दौरान चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे रजिस्ट्रेशन, बीमा, फिटनेस, परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस—अद्यतन एवं पूर्ण रखें। जिन ऑटो के दस्तावेज पूर्ण और वैध पाए गए, उन पर थाना यातायात में ‘ओके पास’ लगाए गए। अधिकारियों ने बताया कि इससे नियम मानने वाले वाहनों की पहचान आसान होगी और व्यवस्था अधिक सुचारु बनेगी। साथ ही अन्य चालकों को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत ‘ओके पास’ बनवाने के लिए प्रेरित किया गया।

अधिकारियों ने चालकों से निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने, गति सीमा का पालन करने, नो पार्किंग या यातायात बाधित करने वाले स्थानों पर वाहन खड़ा न करने तथा सड़क पर अनावश्यक वाहन न रोकने की अपील की। सवारी बैठाने व उतारने के दौरान यातायात नियमों का ध्यान रखने, नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न देने और यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। वहीं ऑटो यूनियन अध्यक्ष हर्षित ठाकुर ने कहा कि चालक शहर की यातायात व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं और यूनियन पुलिस के साथ समन्वय कर चालकों को जागरूक करेगी, ताकि आम नागरिकों को जाम से राहत मिल सके।



