*महाराष्ट्र में बंधक बने बुरहानपुर खरगोन के 18 मजदूर और 15 बच्चे मुक्त, खेत में हुआ बच्ची का जन्म*

बुरहानपुर :- महाराष्ट्र के धाराशिव (उस्मानाबाद) जिले में बंधक बनाकर गन्ना कटाई कराए जा रहे मध्य प्रदेश के 18 मजदूरों और उनके साथ मौजूद 15 बच्चों को शाहपुर पुलिस ने सुरक्षित मुक्त करा लिया है। इन मजदूरों में बुरहानपुर जिले के 10 और खरगोन जिले के 8 मजदूर शामिल हैं। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी ठेकेदार मौके से फरार हो गया।
मंगलवार दोपहर शाहपुर थाने में एएसपी प्रदीप शेंडे ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुरहानपुर के सांभरपुरा गांव निवासी संजय पिता मोहनलाल ने मजदूरों को बंधक बनाए जाने की शिकायत की थी। शिकायत के अनुसार, दो महीने पहले शाहपुर तहसील के खामनी गांव का ठेकेदार जय सिंह बरेला गांव के 5 पुरुष और 5 महिला मजदूरों को गन्ना कटाई के काम के लिए महाराष्ट्र ले गया था। वहां जय सिंह ने मजदूरों को अहमदनगर के ठेकेदार नागेश्वर को सौंप दिया और खुद बुरहानपुर लौट आया।
मजदूरों ने एक महीने नागेश्वर के पास काम किया, जिसके बाद उन्हें धाराशिव जिले की परांडा तहसील के सोनारी गांव में गन्ना कटाई पर लगा दिया गया। पीड़ित मजदूरों ने बताया कि उनसे अलग-अलग खेतों में दिन-रात काम कराया जाता था और जरूरत के हिसाब से राशन भी नहीं मिलता था। दो महीने काम करने के बाद जब उन्होंने मजदूरी मांगी तो ठेकेदार नागेश्वर ने पैसे देने से मना कर दिया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज और मारपीट की, मोबाइल छीन लिए और जबरन काम करवाता रहा।
कलेक्टर के 18 नवंबर के पत्र के बाद एसपी आशुतोष बागरी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर महाराष्ट्र भेजी गई। स्थानीय प्रशासन की मदद से टीम ने बुरहानपुर के 10 मजदूरों (8 बच्चों सहित) और खरगोन के झिरनिया गांव के 8 मजदूरों—4 पुरुष व 4 महिलाएं (7 बच्चों सहित)—को मुक्त कराया।
इस दौरान मजदूर प्रियंका बाई ने बताया कि वह गर्भवती अवस्था में काम पर गई थी। प्रसव पीड़ा शुरू होने पर भी उसे अस्पताल नहीं ले जाया गया और उसने खेत में ही बच्ची को जन्म दिया, जिसका नाम गुड़िया रखा गया है।
डिप्टी कलेक्टर तपिश पांडे ने बताया कि लालच देकर मजदूरों को बाहर ले जाने वालों की पहचान की जाएगी। उन्होंने मजदूरों से पलायन के बजाय ग्राम पंचायतों में उपलब्ध स्थानीय रोजगार अपनाने की अपील की है। उल्लेखनीय है कि बुरहानपुर से हर साल बड़ी संख्या में मजदूर अधिक कमाई की उम्मीद में महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और कर्नाटक जाते हैं, जहां कई बार उन्हें शोषण झेलना पड़ता है।




