बुरहानपुर

*ताप्ती तट पर गूंजे गुरुवाणी के स्वर बुरहानपुर में श्रद्धा व उल्लास के साथ मना गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व*

बुरहानपुर :- ऐतिहासिक नगरी बुरहानपुर के राजघाट दौलतपुरा स्थित गुरुद्वारा बड़ी संगत में मंगलवार को सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा परिसर दिनभर गुरुवाणी, शब्द कीर्तन और ‘वाहेगुरु’ के जयकारों से गूंजायमान रहा। सुबह से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारे पहुंचकर मत्था टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया।

मां ताप्ती के पावन तट पर स्थित इस गुरुद्वारे का विशेष ऐतिहासिक महत्व है। मान्यता है कि अपनी चार उदासीन यात्राओं के दौरान श्री गुरु नानक देव जी स्वयं इस पवित्र स्थान पर पधारे थे और संगत को उपदेश दिया था। यही कारण है कि यहां सभी धर्मों के लोग गहरी आस्था के साथ पहुंचते हैं।

गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान शैली कीर ने बताया कि पर्व के उपलक्ष्य में तीन दिन पूर्व श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ किया गया था। मंगलवार को पाठ की समाप्ति के बाद विशेष कीर्तन दरबार सजा और गुरु का अटूट लंगर वरताया गया, जिसमें हजारों लोगों ने एक साथ पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की। वहीं, रुपिंदर कीर ने कहा कि गुरु साहिब का जीवन मानवता, प्रेम और समानता का संदेश देता है। रात्रि में भव्य आतिशबाजी के साथ यह आयोजन सामाजिक सद्भाव की मिसाल बना।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button