*एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस से बचाव और नवजात सुरक्षा का संदेश जिला चिकित्सालय में जागरूकता अभियान जारी*

बुरहानपुर :- जिला चिकित्सालय में विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) जागरूकता सप्ताह तथा राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह पहल मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. राजेंद्र वर्मा तथा सिविल सर्जन डॉ. दर्पण टोके के मार्गदर्शन में संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य आमजन में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ नवजात शिशुओं के सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत AMR जागरूकता अभियान के तहत पोस्टर प्रदर्शनी और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से उपस्थित लोगों और स्वास्थ्य कर्मियों को एंटीबायोटिक दवाओं के सही, संतुलित एवं विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की रोकथाम के उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस विषय पर क्वालिटी मैनेजर डॉ. भरत चौधरी ने प्रतिभागियों को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करते हुए बिना चिकित्सकीय परामर्श के एंटीबायोटिक लेने से होने वाले दुष्प्रभावों और सावधानियों की जानकारी दी।
दूसरी ओर, राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह के तहत शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. भूपेंद्र गौर ने नवजात शिशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। कार्यक्रम में आईईसी (IEC) सामग्री के माध्यम से माताओं एवं परिजनों को नवजात की घर पर देखभाल, साफ-सफाई, समय पर टीकाकरण तथा उचित पोषण के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद नियमित फॉलोअप की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 53103 और मोबाइल केयर कंपेनियन सेवा नंबर 08047093147 की जानकारी भी साझा की गई।
आयोजकों के अनुसार, इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य एंटीबायोटिक के दुरुपयोग को रोकना, नवजात शिशुओं की समय पर जांच व देखभाल सुनिश्चित करना, शिशु मृत्यु दर में कमी लाना और स्वस्थ नवजात जीवन को बढ़ावा देना है।




