*खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुरहानपुर में तीन दुकानों से खाद्य सामग्री के नमूने भोपाल भेजे, 5 हजार का एक्सपायरी माल नष्ट*

बुरहानपुर :- जिले के नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश डावर के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर तीन प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए और उन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा।
*जीरा धनिया और काली मिर्च के लिए नमूने सुधार का नोटिस जारी*
निरीक्षण के दौरान सबसे पहले इकबाल चौक स्थित मोहम्मद इकबाल एंड ब्रदर्स पर दबिश दी गई। यहाँ से जीरा, धनिया पाउडर एवं काली मिर्च के सैंपल लिए गए। दुकान में बड़ी मात्रा में अमानक, खराब और एक्सपायरी खाद्य पदार्थ पाए गए, जिन्हें टीम ने मौके पर ही नष्ट करवा दिया। नष्ट कराए गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 5 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा, व्यवस्थाओं में सुधार के लिए संबंधित फर्म को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
*ग्रामीण क्षेत्रों में भी चली जांच मुहीम*
शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी मिलावटखोरों पर नकेल कसने की कार्रवाई जारी रही योगेश किराना ग्राम ईच्छापुर यहाँ से ‘भगर’ व्रत का अनाज का नमूना लिया गया मां ईच्छादेवी स्वीट्स यहाँ से ‘कंडीपेड़ा’ का सैंपल लिया गया।
*भोपाल प्रयोगशाला भेजी गई रिपोर्ट*
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डावर ने बताया कि सभी नमूनों को परीक्षण के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि नमूने अवमानक (सब-स्टैंडर्ड) या असुरक्षित पाए जाते हैं, तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा नियम, 2011 के कड़े प्रावधानों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि मिलावटखोरी और बासी सामान बेचने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।



