*बुरहानपुर में जिला प्रशासन और परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई: 27 बसों की जांच, प्रेशर हॉर्न जब्त और 18 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला*

बुरहानपुर :- जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर हर्ष सिंह द्वारा दिए गए कड़े निर्देशों के परिपालन में शनिवार को परिवहन और पुलिस विभाग द्वारा एक संयुक्त वाहन जांच अभियान की शुरुआत की गई। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है।
संयुक्त टीम ने सबसे पहले स्थानीय बस स्टैंड पर पहुंचकर लगभग 27 यात्री बसों की बारीकी से जांच की सभी बस चालकों और संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे अपने वाहनों की विंड स्क्रीन पर दस्तावेजों की वैधता और निर्धारित किराया सूची अनिवार्य रूप से चस्पा करें ध्वनि प्रदूषण और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए, टीम ने 5 वाहनों से अवैध प्रेशर हॉर्न निकलवा कर उन्हें जब्त कर लिया।
निंबोला थाना प्रभारी अजय सिंह चौहान और आरक्षक पवन के साथ मिलकर ऑल इंडिया टूरिस्ट बसों, लोडिंग पिकअप और अन्य यात्री वाहनों की भी सघन जांच की गई नियमों में अनियमितता पाए जाने पर टूरिस्ट बसों, ऑटो-रिक्शा और लोडिंग पिकअप वाहनों से कुल 18 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। बुरहानपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इस तरह के औचक और निरंतर जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि सड़क परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित एवं अनुशासित बनाया जा सके।

इस संयुक्त कार्रवाई में जिला परिवहन अधिकारी राजेश गुप्ता, सहायक सैनिक सी.एस. बाथम, चेतन जाधव, तथा पुलिस विभाग से निरीक्षक अजय चौहान और आरक्षक पवन सक्रिय रूप से शामिल रहे



