*नवदुर्गा उत्सव और बालाजी रथ यात्रा को लेकर बुरहानपुर में निकला फ्लैग मार्च, ड्रोन और CCTV से रहेगी पैनी नजर*

बुरहानपुर :- आगामी नवदुर्गा उत्सव और ऐतिहासिक बालाजी रथ यात्रा के त्यौहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुरहानपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। शनिवार को बुरहानपुर एसपी आशुतोष बागरी के निर्देशन में शहर के संवेदनशील इलाकों एवं प्रमुख मार्गों पर भारी पुलिस बल के साथ भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत करना और आम जनता के बीच सुरक्षा व विश्वास की भावना को बढ़ाना था।
**इन मार्गों से गुजरा फ्लैग मार्च**
ए एसपी प्रदीप शेण्डे एवं सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह के मार्गदर्शन में निकाला गया यह फ्लैग मार्च थाना कोतवाली से प्रारंभ हुआ। इसके बाद शहर के प्रमुख स्थानों—फूल चौक, शनि मंदिर, भाई साहब की हवेली, पांडुमल चौराहा, कमल चौक, सिटी मॉल, शिवकुमार प्रतिमा, जय स्तंभ, मंडी चौक, सुभाष चौक और गांधी चौक से होते हुए पुलिस कंट्रोल रूम पर संपन्न हुआ। फ्लैग मार्च में रक्षित निरीक्षक नितेश राठौर सहित कोतवाली, शिकारपुरा, गणपतिनाका, लालबाग और यातायात थाने का पुलिस बल शामिल रहा।
*सीसीटीवी, ड्रोन और सोशल मीडिया पर कड़ा पहरा*
त्यौहारों के दौरान असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए बुरहानपुर पुलिस की तकनीकी टीम पूरी तरह सक्रिय कर दी गई है। शहर भर में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही, पुलिस की विशेष टेक्निकल टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार नजर बनाए हुए है। जिले भर में फिक्स पिकेट्स तैनात किए गए हैं, जबकि पुलिस की मोबाइल और बाइक पार्टियां लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे त्यौहारों के दौरान शांति बनाए रखें और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, अफवाह फैलाने वाली या आपत्तिजनक सामग्री को शेयर, लाइक या फॉरवर्ड न करें। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले या असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



