*कृषि विभाग और मंडी बोर्ड के कर्मचारियों ने किया मुख्यमंत्री का अभिनंदन पदोन्नति पर जताया आभार, ज्ञापन सौंपकर उठाई मांगें*

भोपाल / बुरहानपुर :- कृषि विभाग एवं मंडी बोर्ड द्वारा आयोजित अभिनंदन एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगीत के साथ हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना ने की।
मंच पर मुख्यमंत्री के साथ कृषि मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना, राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष रमेश चंद्र शर्मा, कृषि विभाग के प्रमुख सचिव निशांत वरवड़े, मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम, कृषि विभाग के संचालक उमाकांत भार्गव तथा संयुक्त संघर्ष मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर संतोष सिंह दीक्षित विशेष रूप से आसीन थे।
कार्यक्रम की शुरुआत में स्वागत उद्बोधन प्रमुख सचिव निशांत वरवड़े द्वारा दिया गया। इसके पश्चात विभिन्न कृषि संबंधी संघों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर अभिनंदन किया। अपने संबोधन में कृषि मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना ने राज्य सरकार द्वारा किसान कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और विभागीय प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कृषि विभाग और मंडी बोर्ड राज्य के किसानों के हित में निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा किसान कल्याण और उनकी समृद्धि ही सरकार की प्राथमिकता है। कृषि विभाग किसान-हितैषी नीतियां बनाकर और कार्यशालाओं के माध्यम से उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी देकर उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि मध्य प्रदेश भावांतर योजना के क्रियान्वयन में देश में प्रथम स्थान पर है, जो विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के अथक परिश्रम का परिणाम है। प्रदेश के सर्वांगीण विकास में संपूर्ण कृषि क्षेत्र का अतुलनीय योगदान है।
कार्यक्रम के दौरान संयुक्त संघर्ष मोर्चा मंडी बोर्ड भोपाल के अध्यक्ष ठाकुर संतोष सिंह दीक्षित एवं संयोजक मंडल—फौजदार, पांडे, नरवरिया, एम. एस. सोलंकी तथा ए. के. परिहार ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मंडी बोर्ड और कृषि विभाग में कर्मचारियों के आमेलन (विलय) तथा स्थाई कर्मियों के नियमितीकरण की मांगों को शीघ्र पूर्ण करने का आग्रह किया गया।
इस गरिमामय आयोजन में मंडी बोर्ड के अपर संचालक सक्सेना, संयुक्त संचालक योगेश नागले, संगीता डोके, रश्मि कश्यप, प्रवीना चौधरी एवं झांनिया सहित विभागीय अधिकारी व बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।



