*सेवा सेतु’ से सरकार पहुंची नागरिकों के द्वार बुरहानपुर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर हुआ समस्याओं का समयबद्ध निराकरण*

बुरहानपुर :- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर निगम द्वारा बुरहानपुर नगरीय क्षेत्र के नागरिकों एवं पात्र हितग्राहियों के लिए ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस शामिल हुईं। उन्होंने नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस अवसर पर पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ एवं प्रमाण-पत्रों का वितरण किया गया।

नागरिकों को संबोधित करते हुए अर्चना चिटनिस ने कहा कि ‘सेवा सेतु’ शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को पात्र हितग्राहियों तक सहज रूप से पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जनसेवा की अनेक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। एक ही स्थान पर सभी विभागों की सेवाएं मिलने से नागरिकों को काफी सुविधा हो रही है।
चिटनिस ने क्षेत्र की महिलाओं से स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की गतिविधियों से जुड़ने का विशेष आग्रह किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण से परिवार और समाज दोनों को मजबूती मिलती है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और मध्य प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार गरीब, किसान, महिला एवं युवाओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

विभागों के स्टॉल और स्वास्थ्य परीक्षण
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई। इस दौरान पेंशन, संबल कार्ड, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी तथा अन्य शासकीय दस्तावेजों के अपडेशन के विशेष कैंप आयोजित किए गए। साथ ही राजस्व और राशन से संबंधित शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में आए नागरिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक जांचें की गईं, वहीं आयुष विभाग की ओर से निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी या प्रक्रियात्मक जटिलता के कारण योजना के लाभ से वंचित न रहे।
कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
शिविर में मौजूद कलेक्टर हर्ष सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर आज ही आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिन प्रकरणों का निराकरण मौके पर संभव है उन्हें तत्काल हल किया जाए और शेष मामलों में समयबद्ध सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी कर हितग्राही को लाभ दिया जाए।
इस गरिमामयी आयोजन में कलेक्टर हर्ष सिंह, महापौर माधुरी अतुल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, नगर निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर तपिश पांडेय, चिंतामन महाजन, ईश्वर चौहान, मनोज टंडन, संभाजीराव सगरे, धनराज महाजन, अशोक महाजन, भरत भुजड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।




