*बुरहानपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग का कड़ा एक्शन एडीएम कोर्ट ने 7 प्रतिष्ठानों पर लगाया 2.20 लाख का जुर्माना, एक्सपायरी और सड़ा सामान नष्ट*

बुरहानपुर :- जिले में आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों पर प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की सख्त कार्रवाई के तहत एडीएम न्यायालय ने खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले 7 विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कुल 2 लाख 20 हजार रुपए का अर्थदंड अधिरोपित किया है। इसके साथ ही विभाग की टीम ने शहर में ताबड़तोड़ औचक निरीक्षण कर भारी मात्रा में सड़ा, गला और एक्सपायर खाद्य सामान मौके पर ही नष्ट कराया है।
*अमानक और मिथ्याछाप नमूनों पर न्यायालय का डंडा*
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा जिलेभर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर समय-समय पर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए थे। इन नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक भोपाल भेजा गया था। प्राप्त जांच रिपोर्टों में कई खाद्य पदार्थ अमानक, मिथ्याछाप और बिना लाइसेंस के बेचे जाने की पुष्टि हुई।
गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर इन सभी 7 प्रकरणों को नियमानुसार एडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां सुनवाई के बाद न्यायालय ने ए-वन जलेबी सिंधीपुरा गेट 30 हजार रुपए का जैसवाल किराना देड़तलाई 50 हजार का हरिओम कन्फेक्शनरी बस स्टैंड को 20 हजार का नदीम ट्रेडर्स पाल बाजार को 20 हजार का ख्वाजा चिश्ती मटन होटल पाल बाजार को 40 हजार का फर्म एस.के. मेडिकोज को 20 हजार का न्यू अयाज अशरफी होटल पाल बाजार को 40 हजार का जुर्माना लगाया
*इंदिरा कॉलोनी और कलेक्ट्रेट क्षेत्र में आकस्मिक निरीक्षण*
न्यायालयीन कार्रवाई के साथ ही गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र कलेक्ट्रेट परिसर और आस पास के होटलों, रेस्टोरेंट, कैफे व खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश डावर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में स्वच्छता का अभाव और खाद्य सामग्री के उचित रख-रखाव में भारी गड़बड़ियां पाई गईं।
कलेक्टर कार्यालय से सिंधी बस्ती तिराहे के बीच स्थित प्रमुख संस्थानों पर की गई इस कार्रवाई के दौरान ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ कर रहा दूषित और एक्सपायरी सामान तत्काल प्रभाव से नष्ट कराया गया
विजय एंटरप्राइजेज टॉप एंड टाउन लगभग 50 एक्सपायरी कोल्डड्रिंक बोतलें, 5 किलो मोमोज और 3 किलो चटनी मौके पर नष्ट की गई फन एंड रोल /फन एंड फूड पर लगभग 10 किलो मोमोज, 3 किलो चटनी और 2 किलो तैयार सब्जी नष्ट कराई गई।आनंद ग्रीन होटल इंदिरा कॉलोनी लगभग 10 से 20 किलो खराब प्याज और 10 किलो तैयार सब्जी को नष्ट किया गया इसके अलावा दक्षिणम् होटल एवं कलेक्ट्रेट कैफे का भी आकस्मिक निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की गई।

*संचालकों को थमाए गए नोटिस आगे भी होगी सख्त कार्रवाई*
खाद्य सुरक्षा विभाग ने अमानक और एक्सपायरी सामग्री मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि संचालकों की ओर से संतोषजनक जवाब या सुधार नहीं प्रस्तुत किया जाता है तो उनके विरुद्ध और अधिक कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस कड़े रुख से मिलावटखोरों और नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की यह मुहिम आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि शहरवासियों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।




