बुरहानपुर पुलिस

*गणेश विसर्जन को लेकर बुरहानपुर एसपी आशुतोष बागरी ने दिए कड़े निर्देश, DJ नियमों का उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई*

बुरहानपुर :- आगामी गणेश प्रतिमा विसर्जन और चल समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी की अध्यक्षता में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।

एसपी बागरी ने कहा कि उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात सुचारु रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में शहर के सभी विसर्जन घाटों, चल समारोह के निर्धारित मार्गों और संवेदनशील इलाकों में कड़े सुरक्षा इंतजाम करने के आदेश दिए गए हैं।

*रूट निरीक्षण व यातायात डायवर्जन* विसर्जन चल समारोह के मार्गों का थाना स्तर पर पुनः निरीक्षण कर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यकतानुसार वैकल्पिक मार्ग और ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी।

घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ बैरिकेडिंग की जाएगी। गहरे पानी वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां श्रद्धालुओं के जाने पर रोक रहेगी। किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए प्रशिक्षित तैराकों और जीवनरक्षक संसाधनों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।

भीड़भाड़ में बच्चों के गुम होने से बचाने के लिए अभिभावकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। आयोजकों और श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे बच्चों को अत्यधिक भीड़ और घाटों के खतरनाक हिस्सों से दूर रखें। सुरक्षा में स्वयंसेवकों का सहयोग लिया जाएगा।

DJ और ध्वनि प्रदूषण पर नकेल: डीजे पर अश्लील, भड़काऊ या विवादित गाने बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने वाले संचालकों और आयोजकों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

*सीसीटीवी से निगरानी व शराबियों पर सख्ती*
संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरों से नजर रखी जाएगी और कंट्रोल रूम से 24 घंटे मॉनिटरिंग होगी। चल समारोह के दौरान शराब या अन्य नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।

एसपी आशुतोष बागरी ने गणेश उत्सव समितियों, स्थानीय नागरिकों और आयोजकों से अपील की है कि वे पुलिस व प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button