बुरहानपुर

*बुरहानपुर में पुरानी रंजिश में युवक की हत्या परिजनों ने थाने पहुंचकर की सख्त कार्रवाई की मांग पुलिस की समझाइश के बाद शांत हुए लोग*

बुरहानपुर :- शहर के गणपति नाका थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुद्वारा तिराहे पर बुधवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। राजीनामे के लिए बुलाई गई बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान लोधीपुरा निवासी धनराज पिता अशोक तायड़े (39) के रूप में हुई है।

*पिकनिक स्पॉट पर शुरू हुई थी रंजिश*
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हत्या के पीछे करीब तीन महीने पुराना विवाद सामने आया है। दरअसल, निंबोला थाना क्षेत्र स्थित ठाठर खामला के पिकनिक स्पॉट पर नहाने के दौरान कुछ युवकों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई थी। इस मामले में निंबोला पुलिस ने केस दर्ज कर अदालत में चालान पेश कर दिया था। इसी रंजिश को सुलझाने और आपस में समझौता करने के उद्देश्य से बुधवार शाम गुरुद्वारा तिराहे पर दोनों पक्ष इकट्ठा हुए थे। बातचीत के दौरान बहस बढ़ गई और आरोपियों ने धनराज पर चाकू से हमला कर दिया।

*थाने पर जुटी भीड़, पुलिस ने संभाली स्थिति*
घटना के अगले दिन यानी गुरुवार सुबह मृतक के आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग गणपति नाका थाने पहुंचे। परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। थाने के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तुरंत परिजनों से बातचीत की और उन्हें अब तक की कार्रवाई से अवगत कराया। पुलिस की समझाइश के बाद भीड़ शांत होकर वहां से लौट गई।

*4 आरोपी गिरफ्तार, 4 अन्य की तलाश जारी*
सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह ने बताया कि हत्या के इस मामले में कुल 8 आरोपियों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार मुख्य आरोपियों—भारत पिता लखन, पीयूष पिता संजय, रोहन पिता सतीश और रवि सिंगोटिया को हिरासत में ले लिया है। शेष 4 फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

सीएसपी ने स्पष्ट किया कि परिजनों द्वारा कोई चक्काजाम नहीं किया गया था, केवल थाने के बाहर लोग एकत्र हुए थे जिन्हें समझाकर घर भेज दिया गया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button