*निंबोला पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत 9 दिन से लापता धूलकोट की बालिका को गुजरात से ढूंढ निकाला*

बुरहानपुर :- बच्चों की सुरक्षा और गुमशुदा नाबालिगों की तलाश को लेकर बुरहानपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत निंबोला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धूलकोट क्षेत्र से लापता हुई एक नाबालिग बालिका को गुजरात के सूरत से सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 13 नवंबर 2026 को धूलकोट निवासी एक व्यक्ति ने निंबोला थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 386/26, धारा 137(2) बीएनएस (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
बुरहानपुर एसपी आशुतोष बागरी के निर्देशन तथा ए एसपी प्रदीप शेण्डे और सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निंबोला उप निरीक्षक अजय सिंह चौहान ने तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सटीक मुखबिर तंत्र की मदद से बालिका की लोकेशन गुजरात के सूरत में ट्रेस की।
पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए सूरत पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद बालिका को सकुशल ढूंढ निकाला और बुरहानपुर लाकर परिजनों को सौंप दिया। अपनी लाडली को सुरक्षित पाकर परिवार के सदस्यों की आंखें भर आईं और उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी धूलकोट उप निरीक्षक कमल मोरे और प्रधान आरक्षक पूजा बोरासी की सराहनीय एवं मुख्य भूमिका रही।



