*पुणे एनडीए में आयोजित सीबीएसई राष्ट्रीय शिक्षक सम्मेलन में चमका बुरहानपुर मेक्रो विज़न एकेडमी के शिक्षकों ने किया प्रतिनिधित्व*

बुरहानपुर :- केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित दो दिवसीय ‘नेशनल टीचर्स कॉन्फ्रेंस: कम्प्यूटेशनल थिंकिंग एंड अंडरस्टैंडिंग एआई (AI)’ में बुरहानपुर के मेक्रो विज़न एकेडमी के तीन वरिष्ठ शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय मंच पर शहर एवं विद्यालय का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व किया। यह महत्वपूर्ण शैक्षणिक आयोजन 20 और 21 नवंबर को पुणे के खडकवासला स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के भव्य हबीबुल्लाह हॉल में संपन्न हुआ।
विद्यालय की ओर से इस राष्ट्रीय सम्मेलन में प्राचार्य जसवीर सिंह परमार, अकादमिक समन्वयक आश्रय टंडन और पीजीटी कंप्यूटर नितिन पालीवाल सम्मिलित हुए। सम्मेलन का शुभारंभ 20 नवंबर को गरिमामय उद्घाटन सत्र के साथ हुआ, जिसमें देशभर से आए प्रतिष्ठित शिक्षाविदों, नीति निर्माताओं और विषय विशेषज्ञों ने सहभागिता की।
दो दिनों तक चले इस बौद्धिक विमर्श के दौरान आधुनिक शिक्षा प्रणाली में कम्प्यूटेशनल थिंकिंग (तार्किक चिंतन) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती भूमिका, कक्षाओं में नवाचार तथा भविष्य की शिक्षण पद्धतियों पर केंद्रित अनेक प्लेनरी सत्र और पैनल चर्चाएं आयोजित की गईं। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि बदलते दौर में विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें तार्किक विश्लेषण, समस्या समाधान और तकनीकी दक्षता से सशक्त बनाना समय की मांग है।
राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित मंच पर मेक्रो विज़न एकेडमी की सक्रिय सहभागिता से विद्यालय को नई शैक्षणिक दिशा और आधुनिक दृष्टिकोण प्राप्त हुआ है। शिक्षकों की इस उपलब्धि पर समस्त विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए तीनों शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।




