बुरहानपुर

*मोदी सरकार में दिव्यांगजन सशक्तिकरण को प्राथमिकता-सांसद ज्ञानेश्वर पाटील*

बुरहानपुर :- केंद्र सरकार की एडीप (ADIP) योजना के अंतर्गत जिला बुरहानपुर में पात्र दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक भव्य वितरण शिविर का आयोजन किया गया। ‘सेवा संकल्प अभियान: सेवा मेरा योगदान’ के तहत परमानंद गोविंदजी वाला ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद ज्ञानेश्वर पाटील सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बुरहानपुर शहरी क्षेत्र के 48 दिव्यांगजनों को 7 लाख 1 हजार 525 रुपये मूल्य के 73 सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए।

वितरित किए गए आधुनिक उपकरणों में बैटरी चालित ट्राइसाइकिल, सामान्य ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी और वॉकर शामिल हैं। उपकरण पाकर हितग्राहियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील का आभार व्यक्त किया।

*स्वावलंबन और सम्मान की ओर बढ़ते कदम*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवेदनशील नेतृत्व में केंद्र सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री जी ने ही उन्हें ‘दिव्यांगजन’ नाम देकर समाज में एक नया सम्मान और आत्मसम्मान प्रदान किया है।

सांसद ने बताया कि उनकी विशेष अनुशंसा पर बीते दिनों 29 जून से 3 जुलाई आयोजित परीक्षण शिविरों में जिले के 102 दिव्यांगजनों का चयन कर 15 लाख 92 हजार रुपये से अधिक के उपकरण स्वीकृत किए गए थे। इसी कड़ी में बुरहानपुर और खंडवा जिलों में ‘प्रधानमंत्री दिव्याशा वयोश्री केंद्र’ शुरू होने जा रहे हैं, जिससे दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को सभी आवश्यक सुविधाएं एवं उपकरण एक ही छत के नीचे मिल सकेंगे।नेपानगर विधायक मंजू दादू, बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस, महापौर माधुरी अतुल पटेल और भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ये सहायक उपकरण दिव्यांगजनों की दैनिक दिनचर्या को सुगम बनाने के साथ-साथ उनके स्वावलंबन का आधार बनेंगे।

*टीबी मुक्त पंचायतों के प्रतिनिधि हुए सम्मानित*
शिविर में दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभागीय स्टॉल भी लगाए गए। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांगजनों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर जिले की टीबी मुक्त घोषित 65 ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं प्रतिनिधियों को भी अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम में पूर्व महापौर अतुल पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप श्रॉफ, अभियान संयोजक मनोज टंडन, डिप्टी कलेक्टर भागीरथ वाखला सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे। आगामी दिनों में नेपानगर विधानसभा और शाहपुर क्षेत्र के चयनित हितग्राहियों को भी उपकरणों का वितरण किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button