*संविधान की ताकत समानता और न्याय में युवा बनें रोजगारदाता- सांसद ज्ञानेश्वर पाटील*

बुरहानपुर :- संविधान दिवस के अवसर पर खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने पंडित शिवनाथ शास्त्री शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय में विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला है, जिसकी सबसे बड़ी ताकत समानता, सामाजिक न्याय और हर नागरिक को समान अधिकार देना है। सांसद ने बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान को अंगीकृत किया गया था और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर का योगदान अविस्मरणीय है। समाज के अंतिम व्यक्ति को शिक्षा व समानता से जोड़ने का उनका विचार आज भी प्रासंगिक है।
सांसद ने आपातकाल का उल्लेख करते हुए मौलिक अधिकारों के निलंबन, प्रेस की स्वतंत्रता पर रोक और विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी को लोकतंत्र का काला अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई। बाबा साहेब से जुड़े पंचतीर्थों के विकास तथा जनधन, पीएम आवास, उज्ज्वला और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं से वंचित वर्गों के सशक्तीकरण को सामाजिक न्याय की दिशा में अहम कदम बताया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि युवा पारंपरिक सोच से आगे बढ़कर नवाचार और उद्यमिता अपनाएं तथा नौकरी पाने के बजाय रोजगार देने वाले बनें। वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प युवाओं की प्रतिभा और परिश्रम से ही पूरा होगा। भावी चिकित्सकों से उन्होंने जाति, धर्म और आर्थिक स्थिति से ऊपर उठकर मानव सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
इस दौरान आदित्य प्रजापति ने संविधान के समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के मूल्यों पर विचार रखे। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष गजानन महाजन, किशोर शाह, राजू पाटील, विठल चौधरी, अनमोल चतुर्वेदी, डॉ. अरविंद पटेल, डॉ. दीपक वाभले, भरत इंगले और विद्यार्थी उपस्थित रहे। संचालन चेतन जाधव ने किया तथा उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले युवाओं को सम्मानित किया गया।




