बुरहानपुर

मेक्रो विज़न एकेडमी, बुरहानपुर के अनहद आनंद ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ आवासीय छात्र-छात्राओं के लिए विशेष सांस्कृतिक संध्या हंसी, संगीत और मनोरंजन के रंगों से सराबोर कार्यक्रम

बुरहानपुर। मेक्रो विज़न एकेडमी, बुरहानपुर के अनहद आनंद ऑडिटोरियम में आवासीय छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित एक विशेष सांस्कृतिक संध्या हंसी, संगीत और मनोरंजन के रंगों से सराबोर रही। कार्यक्रम में एक ओर प्रसिद्ध कॉमेडी जोड़ी सुगंधा मिश्रा एवं डॉ. संकेत भोसले ने अपनी शानदार हास्य प्रस्तुति से विद्यार्थियों को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया, वहीं दूसरी ओर सुप्रसिद्ध गायक अभिजीत शर्मा ने मोहम्मद रफी के अमर गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर पूरे सभागार को सुरों की मधुर दुनिया में पहुँचा दिया। कार्यक्रम में कॉमेडी शो से लोकप्रिय सुगंधा मिश्रा और डॉ. संकेत भोसले ने अपनी चुटीली नोकझोंक, हास्य संवादों और बेहतरीन मिमिक्री से ऐसा समां बाँधा कि पूरा ऑडिटोरियम ठहाकों से गूंज उठा। घर-परिवार की छोटी-छोटी बातों पर आधारित उनकी स्वाभाविक कॉमेडी ने विद्यार्थियों को खूब गुदगुदाया। दोनों कलाकारों की सहज मंच प्रस्तुति और शानदार तालमेल ने कार्यक्रम को बेहद जीवंत बना दिया। दूसरी ओर गायक अभिजीत शर्मा ने सुरों के सरताज मोहम्मद रफी को संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके कालजयी गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। जैसे ही उन्होंने “क्या हुआ तेरा वादा”, “बड़ी दूर से आए हैं प्यार का तोहफा लाए हैं” सहित रफी साहब के लोकप्रिय गीतों को अपनी सुरीली आवाज़ में प्रस्तुत किया, पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उनकी गायकी में रफी साहब की सादगी, मधुरता और भावपूर्ण अभिव्यक्ति की झलक स्पष्ट दिखाई दी, जिसने उपस्थित विद्यार्थियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आवासीय छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया और कलाकारों की प्रस्तुतियों का जोरदार तालियों से स्वागत किया। एक ही मंच पर हास्य और संगीत का ऐसा अनूठा संगम उन्हें लंबे समय तक याद रहेगा। कार्यक्रम के अंत में एकेडमी प्रबंधन ने सभी अतिथि कलाकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, मानसिक ताजगी और सकारात्मक ऊर्जा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। हंसी और संगीत से सजी यह शाम विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गई। समस्त आवासीय विद्यार्थियों तथा समस्त शिक्षकों की मौजूदगी ने इस कार्यक्रम में और चार चाँद लगा दिए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button