बुरहानपुर

*कलेक्टर विवेक कुमार ने बोहरडा स्थित लिगेसी वेस्ट डंपसाइट का निरीक्षण किया 30 वर्ष पुराने 1.97 लाख मीट्रिक टन कचरे का हो रहा वैज्ञानिक निस्तारण*

बुरहानपुर :- शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। इसी क्रम में, बोहरडा स्थित लिगेसी वेस्ट डंपसाइट पर पुराने कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के कार्य का जायजा लेने के लिए कलेक्टर विवेक कुमार ने डंपसाइट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव से बायोमायनिंग प्रक्रिया और अब तक हुई प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना के तहत शेष बचे कचरे के निस्तारण और प्रोसेसिंग के बाद प्राप्त होने वाले आरडीएफ (RDF) का समुचित प्रबंधन निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया के दौरान पर्यावरणीय मानकों का विशेष रूप से पालन करने पर जोर दिया ताकि आसपास के क्षेत्र और पर्यावरण को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

*स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत हो रहा है कार्य*
विदित हो कि स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत बोहरडा स्थित यह डंपसाइट लगभग 30 वर्ष पुराना है, जहां वर्षों से जमा करीब 1.97 लाख मीट्रिक टन कचरे का बायोमायनिंग तकनीक के माध्यम से वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल अनुमानित लागत 1082.26 लाख रुपये है। प्रशासन की सक्रियता और बेहतर मॉनिटरिंग के चलते इस परियोजना का लगभग 80 प्रतिशत कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष कार्य भी तेजी से प्रगति पर है।

इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और अभियंता भी उपस्थित रहे, जिन्होंने डंपसाइट पर चल रही विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत की। इस पहल से न केवल शहर को वर्षों पुराने कचरे के ढेर से मुक्ति मिलेगी, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक मील का पत्थर साबित होगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button