बुरहानपुर

*सेवा संकल्प यात्रा प्रधानमंत्री मोदी ने यात्रियों से किया वर्चुअल संवाद नेपानगर में हुआ भव्य स्वागत*

*सुशासन और जनसेवा के संदेश के साथ वडनगर से वाराणसी जा रही यात्रा पहुंची बुरहानपुर*

बुरहानपुर :- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि ‘सेवा संकल्प यात्रा’ सेवा भाव से जुड़ने, निरंतर आगे बढ़ने तथा जनसेवा से देश सेवा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बन रही है। सेवा भाव की इसी ऊर्जा के बल पर विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और ‘विकसित भारत’ के संकल्प का संदेश निरंतर आगे बढ़ रहा है।

वडनगर से वाराणसी तक संचालित इस ‘सेवा संकल्प यात्रा’ के यात्रियों को प्रधानमंत्री मोदी ने वर्चुअली संबोधित किया। यात्रा का मुख्य उद्देश्य जनसेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना तथा नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करना है।

*नेपानगर ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ मुख्य कार्यक्रम*
इसी श्रृंखला में बुरहानपुर जिले के नेपानगर ऑडिटोरियम में सेवा संकल्प यात्रा के स्वागत एवं संवाद का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। खरगोन जिले से होकर बुरहानपुर पहुंची इस यात्रा के सदस्यों से प्रधानमंत्री मोदी ने वर्चुअल संवाद किया। इस दौरान यात्रियों ने अपने-अपने अनुभव साझा किए और यात्रा के दौरान आयोजित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में देवास जिले से प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी वर्चुअल रूप से सहभागिता की और यात्रा के उद्देश्यों की सराहना की।

*पुष्पवर्षा के साथ हुआ आत्मीय स्वागत*
नेपानगर क्षेत्र में प्रवेश करने पर सेवा संकल्प यात्रा का स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अनूठी यात्रा में विभिन्न राज्यों के युवा उत्साहपूर्वक बाइक से शामिल हुए हैं। यात्रा के साथ पवित्र कलश और विशेष रथ भी चल रहे हैं।

मार्ग में यात्रियों द्वारा विभिन्न गांवों का भ्रमण किया जा रहा है। यात्रा के सदस्य स्थान-स्थान पर विद्यार्थियों और योजनाओं के हितग्राहियों से सीधा संवाद कर रहे हैं। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण और स्वच्छता के लिए श्रमदान जैसी महत्वपूर्ण सामाजिक गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। बुरहानपुर जिले में अपने निर्धारित मार्गों से होते हुए यह यात्रा अब महाराष्ट्र राज्य की ओर प्रस्थान करेगी।

*कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद*
नेपानगर ऑडिटोरियम में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस, नेपानगर विधायक मंजू दादू, महापौर माधुरी पटेल, जिला अध्यक्ष मनोज माने, पूर्व विधायक सुमित्रा कास्डेकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रशासन की ओर से कलेक्टर हर्ष सिंह, एसपी आशुतोष बागरी, सीईओ जिला पंचायत एवं एडीएम सृजन वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राही और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button